जोधपुर में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसमें कर्मचारियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपए का लोन लेने का आरोप लगाया गया है। पीएफ, ईएसआई और बीमा के नाम पर दस्तावेज लेकर कर्मचारी के नाम पर लोन लिया गया। बासनी थाने में परिवाद के जरिए दी गई रिपोर्ट में गणेश कॉलोनी निवासी रियाज खान ने बताया कि बासनी स्थित फर्म रितू रोड लाइंस में बतौर सुपवाइजर काम करता था। पीएफ और बीमा के नाम पर लिए दस्तावेज
रिपोर्ट के अनुसार फर्म में हितेंद्र गोयल, विष्णु गोयल और कविता गोयल की भागीदारी है। नौकरी के दौरान उससे पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज पीएफ और बीमा के नाम पर लेकर उन पर हस्ताक्षर करवा लिए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए हिंदुजा लेलैंड फाइनेंस से करोड़ों रुपए का ऋण उठा लिया। लोन की नहीं थी जानकारी
पीड़ित का आरोप है कि उसे इस लोन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उसके बैंक खाते में भी किसी प्रकार की राशि जमा नहीं हुई। जब उसे मामले की जानकारी मिली और उसने आरोपियों से बात की, तो उन्होंने जल्द लोन चुकाने का आश्वासन दिया। वहीं धमकियां देने लगे। आरोपियों ने कई कर्मचारियों के नाम पर इसी प्रकार से लोन लिया है। आरोपियों ने अलग-अलग नाम से कई फर्म बना रखी हैं। फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका
रिपोर्ट में रियाज ने बताया- आरोपी अपनी संपत्तियां बेचकर विदेश भागने की फिराक में हैं। कर्मचारियों पर ही लोन चुकाने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही हिंदुजा लेलैंड फाइनेंस के कुछ अधिकारियों की भी मिलीभगत होने का संदेह जताया गया है। बासनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


