गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा, सास-बहू समेत तीन की मौत:तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागा

गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा, सास-बहू समेत तीन की मौत:तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागा

गाजीपुर में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर एक भीषण सड़क हादसे में सास, बहू और बाइक चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना मरदह थाना क्षेत्र के कैथवली गांव के पास हुई।एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे सतेन्द्र कुमार (निवासी हैदरगंज), पीछे बैठी सास राजेश्वरी देवी और उनकी बहू रिंकी देवी (निवासी बिजोरा गांव) दूर जा गिरे। तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। बताया गया है कि सास और बहू एक दिन पहले गांव में पट्टीदारों से हुए विवाद के संबंध में मरदह थाने में प्रार्थना पत्र देने आई थीं। मंगलवार को वे थाने से अपने घर लौट रही थीं। घर लौटने के लिए उन्हें कोई सवारी वाहन नहीं मिला। इसी दौरान गांव के ही सतेन्द्र कुमार बाइक से जा रहे थे, जिनसे लिफ्ट लेकर दोनों उनके साथ बैठ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक थोड़ी ही दूर आगे बढ़ी थी कि मऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *