रायसेन में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी ने निर्माण कार्यों में गड़बड़ी और बिना काम पूरा किए लाखों रुपये निकालने के आरोप में यह कार्रवाई की है। जनपद पंचायत सांची के ग्राम पंचायत मानपुर और धनियाखेड़ी के तत्कालीन सचिव गिरजेश शर्मा ने आधा दर्जन निर्माण कार्य पूरे किए बिना ही 19 लाख 48 हजार रुपये की राशि निकाल ली। ग्राम पंचायत बनगवां के सचिव रामबाबू दांगी ने सीसी सड़क और रतनपुर नाली निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया, लेकिन 3 लाख 51 हजार रुपए निकाल लिए। मूल्यांकन में सामने आई गड़बड़ी
ग्राम पंचायत मुछैल के सचिव कैलाश लोधी को भी निलंबित किया गया है। जांच में पाया गया कि मौके पर किए गए कार्य का मूल्यांकन, निकाली गई राशि से काफी कम था। निलंबित सचिवों के अलावा संबंधित ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। बेगमगंज की खजुरिया बरामदगढ़ी पंचायत के रोजगार सहायक संकेत जैन से भी 3 लाख रुपये से अधिक की गड़बड़ी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जनपद पंचायत बाड़ी की ग्राम पंचायत ऊटियांकला के सचिव केशर सिंह धाकड़ को भी मौके पर कार्य नहीं मिलने के कारण निलंबित किया गया है। विभिन्न स्तरों पर हुई जांच में संबंधितों को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद जिला पंचायत सीईओ द्वारा यह बड़ी कार्रवाई की गई है।


