मंगलवार को देवरिया के बघौचघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर पहुंचते ही वह जोर-जोर से अपने प्रेमी का नाम पुकारने लगी। युवती का यह खतरनाक रूप देखते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई, खबर फैलते ही कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
नाराज युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी
अनहोनी की आशंका से सहमे गांव वालों ने पहले तो युवती से नीचे उतरने के लिए काफी मिन्नतें किए लेकिन जब उसपर कोई असर नहीं हुआ तब पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों की भी युवती ने एक नहीं सुना, वह बार बार चिल्लाती रही कि जब तक उसका प्रेमी नहीं आएगा वह नीचे नहीं उतरेगी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत चलती रही, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।
स्थिति गंभीर होती देख पुलिस ने मानी शर्त, प्रेमी मौके पर पहुंचा
अंत में थकहार कर पुलिस ने युवती की शर्त मानते हुए उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया। प्रेमी के पहुंचते ही युवती सामान्य हुई और वह नीचे उतरने को तैयार हो गई। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में वह सावधानीपूर्वक टावर से नीचे उतर आई।
युवती के सुरक्षित नीचे आते ही सभी ने राहत की सांस ली। घटना के बाद पुलिस युवक और युवती को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। CO संजय रेड्डी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली, उन्होंने बताया कि पुलिस युवती के इस कदम की जांच कर रही है।


