खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स को फोस्टैक (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) प्रशिक्षण दिया गया। मंगलवार को खैरथल के अग्रवाल सदन में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 1365 लाभार्थियों को प्रशिक्षित किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक चला प्रशिक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि यह प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली से अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस प्रशिक्षण के बाद सभी फूड हैंडलर्स को फूड अथॉरिटी की ओर से प्रमाण पत्र भी दिए गए। दुकानदार, कर्मचारी और राजीविका समूह रहे शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव के अनुसार, प्रशिक्षित लाभार्थियों में मिठाई विक्रेता, दुकानदार, अन्नपूर्णा रसोई के फूड हैंडलर्स, मिड डे मील के प्रभारी और कुक शामिल थे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न आवासीय विद्यालयों के भोजन बनाने वाले कर्मचारी और राजीविका समूह के सदस्य भी उपस्थित रहे। होटल-रेस्टोरेंट संचालक, डेयरी संचालक, थोक एवं खुदरा किराना व्यापारी, घी-तेल व्यापारी, फल-सब्जी विक्रेता, चाय की थड़ी लगाने वाले, कचौरी-पकौड़ी बनाने वाले और अन्य स्ट्रीट वेंडर्स ने भी इस प्रशिक्षण में भाग लिया। स्वास्थ्य संबंधित नुकसान की जानकारी दी प्रशिक्षण में खाद्य व्यापारियों को रीयूज्ड कुकिंग ऑयल (आरयूसीओ) के उपयोग और उससे होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री तैयार करने के नियमों से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण टीम में महिपाल सिंह, अमनप्रीत, खुशबू और सुभाष सिंह शामिल थे।


