लखनऊ के चौक इलाके गुटखा व्यापारी से बाइक सवारों ने रुपए से भरा बैग लूट लिया। व्यापारी पेशाब करने बाइक से उतरे थे। इस दौरान लूटेरे बैग उठाकर फरार हो गए। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। अमीनाबाद थानाक्षेत्र के गुइन तालाब निवासी मोहम्मद फरहान (34) याहियागंज में पान मसाले का व्यापार करते हैं। उन्होंने बताया कि 6 मार्च को वह अपनी दुकान से एक लाख रुपए से ज्यादा नगद सिग्नेचर मसाला के बैग में रखकर स्कूटी से हुसैनाबाद स्थित अपने रिश्तेदार के घर देने जा रहे थे। इमामबाड़ा के पास उन्होंने पेशाब लगने पर स्कूटी रोककर कुछ दूरी पर गए। इसी दौरान काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाश आए और स्कूटी में रखा पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। फरहान ने शोर मचाकर उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपी लाजपत नगर कॉलोनी की ओर भाग निकले। पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि जरूरी काम से बाहर जाने के कारण तुरंत शिकायत नहीं कर सके। वहां से लौटने पर शिकायत दर्ज दर्ज कराई। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय का कहना है पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।


