Chinese Actress Expensive Plastic Bag: ग्लैमर वर्ल्ड में कब क्या देखने को मिल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। अक्सर फिल्मी सितारे रेड कार्पेट पर करोड़ों के हीरे और महंगे डिजाइनर कपड़ों में नजर आते हैं, लेकिन हाल ही में एक मशहूर चाइनीज एक्ट्रेस ने कुछ ऐसा किया कि सबके होश उड़ गए। बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में जब ये हसीना उतरीं, तो सबकी नजरें उनके खूबसूरत चेहरे पर नहीं, बल्कि उनके हाथ में मौजूद एक पीली पन्नी पर टिक गईं। पहली नजर में लगा कि शायद एक्ट्रेस सब्जी खरीदकर सीधे फंक्शन में आ गई हैं, लेकिन जब इस पन्नी की असलियत और इसकी लाखों में कीमत पता चली, तो सोशल मीडिया पर यह लुक काफी वायरल हो गया।
क्या सच में हाथ में पीली पन्नी है?
मशहूर एक्ट्रेस झांग जिंगयी अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में एक बड़े इवेंट में वो काले रंग की ड्रेस पहनकर पहुंचीं, जिसमें वो बहुत प्यारी लग रही थीं। लेकिन जैसे ही कैमरा उनके हाथ पर गया, सब हैरान रह गए। झांग ने हाथ में एक पीला प्लास्टिक बैग पकड़ा हुआ था, जो बिल्कुल वैसा ही दिख रहा था जैसा हम बाजार से सामान लाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। फोटो इंटरनेट पर आते ही लोग मजे लेने लगे। किसी ने लिखा, लगता है मैडम शॉपिंग करके सीधे पार्टी में घुस गईं, तो किसी ने कहा, इतना पैसा होने के बाद भी थैली लेकर घूम रही हैं।
आखिर कितने लाख का है यह पन्नी वाला बैग
ये कोई साधारण पन्नी नहीं, बल्कि मशहूर लग्जरी ब्रांड बालेंसियागा (Balenciaga) का Trash Pouch है। जिस बैग को लोग कचरा फेंकने वाला थैला समझ रहे हैं, उसकी कीमत करीब 1,790 डॉलर यानी भारतीय रुपयों में लगभग 1.7 लाख रुपये है। इस बैग को फैशन की दुनिया में सबसे महंगा कचरा बैग कहा जाता है। इसे मशहूर डिजाइनर डेम्ना गवासलिया ने डिजाइन किया है। ब्रांड का कहना है कि यह एक फैशन स्टेटमेंट है।
देसी नेटिजन्स बोले हमारी मम्मी तो सालों से इस ब्रांड को इस्तेमाल कर रही हैं
जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर पहुंची, यूजर्स ने मजाक बनाना शुरू कर दिया। लोग एक से बढ़कर एक मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, भाई, हमारे घर में तो ऐसी थैलियों में मम्मी पुराना रद्दी सामान रखती हैं, हमें क्या पता था कि हम लाखों का माल दबाए बैठे हैं। दूसरे ने लिखा, इतने पैसे में तो हमारे मोहल्ले की पूरी सब्जी मंडी खरीदी जा सकती है। वहीं कुछ पतियों ने अपनी पत्नियों को ये वीडियो भेजकर मजे लिए कि अब उन्हें भी ऐसा ही लग्जरी थैला लाकर देंगे।


