लखनऊ के झूलेलाल पार्क (हनुमान सेतु के निकट) में मंगलवार को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के निर्देशन में ‘सवा लाख सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बागेश्वर धाम भक्त परिवार और श्री गुरु सेवा समिति के सहयोग से संपन्न हुआ। मंगलवार को हुए इस आयोजन में बटुक ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार और हजारों श्रद्धालुओं के सामूहिक पाठ से पूरा गोमती तट भक्तिमय हो उठा। चारों ओर ‘जय श्री राम’ और ‘हनुमान जी’ के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सवा लाख बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ था। मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म की एकता की पहल आयोजक अनुराग तिवारी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, सनातन धर्म की एकता और देश की सुख-समृद्धि की कामना करना था। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने एक स्वर में पाठ कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अनुराग तिवारी ने यह भी बताया कि इसका मकसद समाज में आध्यात्मिक चेतना जगाना और युवाओं को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़ना है। ये लोग शामिल हुए कार्यक्रम की संयोजिका प्रियंका सिंह रघुवंशी थीं। इसमें अनुराधा सिंह, राजीव शुक्ला, अरुणिमा श्रीवास्तव, नीलम यादव, किरण सिंह, शमिता सिंह, कल्पना पाण्डेय, पूनम गुप्ता, दीपांशु द्विवेदी और जंग बहादुर सहित लखनऊ, कानपुर और आसपास के जिलों से हजारों भक्तों ने भाग लिया।


