हाउस टैक्स वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए लोहामंडी जोन में बड़ी कार्रवाई की है। बकाया टैक्स जमा न करने पर नगर निगम की टीम ने 2 संपत्तियों को सील कर दिया। जबकि 4 अन्य बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी कर जल्द भुगतान न करने पर सीलिंग की चेतावनी दी गई है। नगर निगम ने यहां की कार्रवाई राजस्व विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई के तहत कटघर निवासी बैकुंठी देवी की दुकान तथा आवास विकास सेक्टर-2 में निर्माण सामग्री का कारोबार करने वाले मुन्ना लाल के गोदाम को सील कर दिया गया। बैकुंठी देवी पर 87 हजार और मुन्नालाल पर 94 हजार रुपये से अधिक का बकाया था। नगर निगम द्वारा पहले ही कुर्की वारंट जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद संबंधित बकायेदारों ने हाउस टैक्स जमा नहीं कराया। इनको दी गई चेतावनी
इसके अलावा सिरकी मंडी निवासी देवकी, वीरेंद्र कुमार, रामजी तथा गुजर तोपखाना निवासी विद्यावती जैन को भी अंतिम नोटिस जारी किया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में बकाया हाउस टैक्स जमा न करने पर इनकी संपत्तियों को भी सील कर दिया जाएगा।
कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी लोहा मंडी सीपी सिंह ने किया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। नगर आयुक्त ने दी चेतावनी
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है-हाउस टैक्स नगर निगम की आय का प्रमुख स्रोत है, जिससे शहर के विकास कार्य संचालित होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग बार-बार नोटिस और कुर्की वारंट के बावजूद कर जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय पर गृहकर जमा कराएं, अन्यथा सीलिंग जैसी कार्रवाई से बच पाना संभव नहीं होगा।


