चेन्नई के तिरुनेलवेली जिले के तिसायनविलै इलाके में एक जली हुई कार के भीतर चार शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह पेट्टई कुलम के जंगल क्षेत्र में इस कार की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कार पूरी तरह जल चुकी थी और उसके भीतर चार शव पाए गए।
क्या है घटना की पूरी जानकारी?
पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। शुरुआती जांच में पुलिस को शक था कि चारों मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं। शवों की पहचान चेन्नई के कुंद्राथुर क्षेत्र के अब्दुल रफीक (44), उनकी पत्नी सैयद नसरीन फातिमा (38), बेटी आफरीन (14) और बेटा मुकाशा (12) के रूप में हुई है। सभी अम्मन कोइल स्ट्रीट, पेरियार नगर, नंदंबक्कम, चेन्नई के निवासी थे।
आत्महत्या या हादसा? पुलिस की शुरुआती जांच
पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, अब्दुल रफीक इरुंगट्टुकोट्टई, श्रीपेरुम्बुदूर की एक निजी ऑटोमोबाइल कंपनी में सुपरवाइजर थे। वर्ष 2020 में माता-पिता के निधन के बाद 25 लाख रुपये में घर बेचकर परिवार के साथ हैदराबाद चले गए थे। घटना से एक दिन पहले परिवार ने अठंगरई स्थित दरगाह में दुआ की थी, उसके बाद वे सुनसान इलाके में पहुंचे और कार में आग लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतकों की पुष्टि की है और सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच चल रही है। घटना के बाद से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों ने बताया कि शवों की पहचान और घटना के कारणों की पुष्टि के लिए जांच बढ़ाई गई है।
पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।



