पाकिस्तान सुपर लीग की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है कि उन्हें किस शहर से दूर रहना है।
पाकिस्तानी आर्मी की कायराना हरकत अब पाकिस्तान सुपर लीग पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। लीग से शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स को पाकिस्तान के पेशावर शहर दूर रहने की सलाह दी गई है। आपको बता दें कि काबुल में हुए हवाई हमलों में 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और करीब ढाई सौ लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि काबुल के एक नशा मुक्ति केंद्र पर बमबारी की गई। इस घटना के बाद कई अफगानिस्तानी क्रिकेटर्स ने इसकी जमकर आलोचना की है।
इस हमले के बाद अब पाकिस्तान सुपर लीग के भविष्य पर भी खतरा मंडराने लगा है। ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव की वजह से कई खिलाड़ियों की यात्रा भी मुश्किल हो सकती है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सभी विदेशी खिलाड़ी इस लीग में हिस्सा ले पाएंगे। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर, मैनस लाबुशेन और मिचेल मार्श जैसे कई खिलाड़ी इस लीग में खेलने के लिए तैयार हैं। यही नहीं, टिम पेन और जेसन गिलेस्पी जैसे ऑस्ट्रेलियाई कोच भी इस लीग का हिस्सा होंगे। लीग की शुरुआत 26 मार्च से होनी है।
पेशावर से दूर रहने की सलाह
रिपोर्ट्स के अनुसार ऑस्ट्रेलिया सरकार ने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने की इजाजत तो दी है, लेकिन उन्हें पेशावर से दूर रहने की सलाह दी है। इस शहर में पाकिस्तान सुपर लीग का एक मैच होना है, लेकिन पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे तनाव की वजह से ऑस्ट्रेलिया सरकार ने इस इलाके को “डू नॉट ट्रैवल” जोन घोषित कर दिया है। 28 मार्च को इमरान खान क्रिकेट स्टेडियम में पेशावर जाल्मी और रावलपिंडी के बीच मुकाबला खेला जाना है। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि यह मैच वहीं होगा या इसे किसी दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।
आपको बता दें कि पाकिस्तान सुपर लीग में इस बार 6 से बढ़कर 8 टीमें हो गई हैं। यानी हैदराबाद किंग्समेन और रावलपिंडी नाम की दो नई टीमें इस लीग में शामिल हुई हैं। रावलपिंडी के कप्तान मोहम्मद रिजवान को बनाया गया है, वहीं हैदराबाद किंग्समेन की कमान सैम अयूब संभालेंगे। सैम अयूब की कप्तानी वाली टीम के कोच जेसन गिलेस्पी होंगे।
अब तक इस्लामाबाद यूनाइटेड और लाहौर कलंदर्स ने तीन-तीन बार खिताब जीता है, जबकि मुल्तान सुल्तांस, पेशावर जाल्मी, क्वेटा ग्लैडिएटर्स और कराची किंग्स भी एक-एक बार खिताब जीतने में सफल रहे हैं। डिफेंडिंग चैंपियन लाहौर कलंदर्स है, जिसमें 2025 में अपना तीसरा खिताब जीता था।
Sports – Patrika | CMS


