जालौन में करंट की चपेट में आकर युवक की मौत:कूलर हटाते समय हादसा, पत्नी के छत से नीचे आने पर हुई जानकारी

जालौन में करंट की चपेट में आकर युवक की मौत:कूलर हटाते समय हादसा, पत्नी के छत से नीचे आने पर हुई जानकारी

जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र में करंट लगने से एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना नदीगांव रोड स्थित पंचानन चौराहा पर हुई। मृतक की पहचान धर्मेंद्र पुत्र कल्याण सिंह, निवासी मंगरा, हाल निवासी पंचानन चौराहा के पास के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह धर्मेंद्र अपने घर में रखा कूलर हटा रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया और कूलर से चिपक गया। हादसे के समय उसकी पत्नी घर की ऊपरी मंजिल पर खाना बना रही थी। लगभग आधे घंटे बाद जब वह नीचे आई, तो उसने पति को कूलर से चिपका हुआ पाया। उसने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद की और युवक को कूलर से अलग किया। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रेफर कर दिया। हालांकि, सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *