फतेहपुर जिले के भूरुही गांव में खदेरी नदी में डूबने से छह वर्षीय अंश कुमार की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब अंश नदी किनारे खेल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। जानकारी के अनुसार, अंश कुमार अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर खदेरी नदी के किनारे खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक नदी में गिर गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने अंश को डूबते देखा और शोर मचाया। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह मासूम को नदी से बाहर निकाला। उसे तुरंत खखरेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंश की मौत की खबर सुनते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। उसकी मां नीलू देवी और तीन वर्षीय भाई प्रियांशु गहरे सदमे में हैं। बताया गया है कि अंश के पिता सोनू पाल रोजी-रोटी के सिलसिले में बेंगलुरु में रहते हैं। इस घटना की सूचना स्थानीय लेखपाल और पुलिस को दे दी गई है। गांव में इस हादसे के बाद शोक व्याप्त है।


