जयपुर। आगामी कुछ माह में जयपुर से निकल रहे तीन नेशनल हाइवे चौड़े होने जा रहे हैं। एनएचएआई तीन नेशनल हाइवे के डीपीआर तैयार करवा रही है। इसके बाद इन सड़कों की चौड़ाईकरण का काम शुरू होगा।
एनएचएआई से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर-किशनगढ़ को आंशिक एक्सेस कंन्ट्रोल हाइवे बनाने की अनुमति मिल चुकी है। इसी तरह जयपुर-रींगस को चार लेन से छह लेन करने का निर्णय भी किया जा चुका है। इसकी भी डीपीआर बनाई जा रही है। शेखावाटी में धार्मिक स्थलों पर बढ़ रही भीड़ के मद्देनजर इस हाइवे को छह लेन करने का निर्णय किया गया है।
तरह जयपुर-गुड़गांव छह लेन नेशनल हाइवे को सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत किया जाएगा। इस हाइवे पर क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। मनोहरपुर-दौसा हाइवे जो वर्तमान में दो लेन का है। उसको भी चार लेन का निर्णय किया जा चुका है। वर्तमान में डीपीआर का काम चल रहा है। जयपुर की उत्तरी रिंग रोड जो कुछ समय पहले स्वीकृति हुई है। उसकी भी डीपीआर बनाने का काम शुरू किया जा चुका है।
मानव रहित टोल प्लाजा भी जल्द होंगे तैयार
जयपुर-गुड़गांव छह लेन पर एनएचएआई ने मानव रहित टोल प्लाजा बनाने का काम तेज कर दिया है। जल्द ही इस हाइवे पर टोल प्लाजाओं पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। टोल प्लाजा के पास आते ही दूर से कैमरे फास्टैग को पढ़ लेंगे और ऑटोमेटिक टोल कट जाएगा। इससे टोल प्लाजा पर रुकने में लगने वाला समय ना के बराबर हो जाएगा।


