कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बेटे की मौत के गहरे सदमे से जूझ रही एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लंबे समय से थी अवसाद से पीड़ित
जानकारी के अनुसार कल्याणपुर के आवास विकास-तीन निवासी दीनदयाल सिंह व्यवसायी हैं। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला देवी (50) और दो बेटे सूरज व शिवा रहते हैं। परिजनों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उनके बड़े बेटे मोहित ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बेटे की मौत के बाद से उर्मिला देवी गहरे सदमे में थीं और अक्सर उसे याद कर रोया करती थीं। परिवार के मुताबिक वह लंबे समय से अवसाद से पीड़ित थीं और उनका इलाज भी चल रहा था।
सोमवार शाम दीनदयाल सिंह घर पर खाना खाने पहुंचे। उन्होंने पत्नी को कई बार आवाज लगाई, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर जब वह कमरे में पहुंचे तो देखा कि उर्मिला देवी का शव पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटक रहा था। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे घर में कोहराम छा गया।घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची कल्याणपुर थाना पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या बोले थाना प्रभारी
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला लंबे समय से अवसाद से ग्रसित थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


