Ahmedabad. ईरान-इजराइल, अमरीका के बीच जारी युद्ध का असर भारतीय प्रबंध संस्थान अहमदाबाद (आइआइएम-ए) के विद्यार्थियों पर भी पड़ा है। ईरान की ओर से किए जा रहे हमलों को देखते हुए संस्थान के दुबई स्थित कैंपस में पढ़ने वाले 35 विद्यार्थियों को अहमदाबाद स्थित कैंपस में स्थानांतरित किया गया है। ये सभी विद्यार्थी अहमदाबाद परिसर पहुंच गए हैं जिनमें 8 महिलाएं भी शामिल हैं।
आइआइएम-ए सूत्रों के तहत ईरान की ओर से यूएई-दुबई पर हमले की स्थिति में दुबई परिसर में एक वर्षीय एमबीए कोर्स में पढ़ रहे विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें अहमदाबाद परिसर में स्थानांतरित किया गया है। हालांकि यह सभी विद्यार्थी इन दिनों दुबई परिसर में नहीं होकर सप्लाई चेन मैनेजमेंट अध्ययन टूर पर स्पेन (यूरोप) के दौरे पर थे। ऐसे में उन्हें स्पेन से वापस दुबई नहीं भेजकर अहमदाबाद बुलाया गया, ताकि युद्ध के चलते पैदा हुए हालातों के बीच उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं हो और वे सुरक्षित माहौल में बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकें।
गत वर्ष ही दुबई में शुरू हुआ है केन्द्र
ज्ञात हो कि छह महीने पहले ही सितंबर 2025 में ही दुबई में आइआइएम-ए ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय केन्द्र शुरू किया। इसमें एक वर्षीय एमबीए प्रोग्राम शुरू किया जिसमें 35 विद्यार्थी हैं। ऐसे में युद्ध छिड़ जाने से बाकी की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो इसलिए इन्हें अहमदाबाद परिसर में स्थानांतरित किया गया है।आइआइएमए के सूत्रों ने कहा कि यह कब तक यहां पर रहकर पढ़ाई करेंगे यह कहना फिलहाल मुश्किल है, लेकिन इतना तय है कि जब तक युद्ध खत्म नहीं हो जाता और स्थिति पढ़ाई के अनुकूल नहीं हो जाती तब तक वे अहमदाबाद परिसर में रहकर ही पढ़ाई करेंगे।


