Pakistan vs Bangladesh ODI Series 2026: पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए वनडे सीरीज में करारी हार का सामना करना पड़ा। रविवार को सीरीज का तीसरा मुकाबला ढाका में खेला गया। पाकिस्तान को 11 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने सीरीज 2-1 से जीत ली। इस मुकाबले में कुछ ऐसा हुआ, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट टीम मैनेजमेंट अंपारिंग से खुश नहीं है।
रेफरी से की शिकायत
तीसरे वनडे में हार के साथ ही सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने मैच के दौरान हुए अंपायरिंग फैसले को लेकर नाराजगी जताई है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम मैनेजमेंट ने मैच रेफरी के से ऑन-फील्ड अंपायर के खिलाफ एक विवादित निर्णय को लेकर आपत्ति जताई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विवाद मैच की आखिरी से दूसरी गेंद पर लिए गए एलबीडब्ल्यू रिव्यू से जुड़ा है। पाकिस्तान का आरोप है कि बांग्लादेश की टीम ने बड़ी स्क्रीन पर रिप्ले देखने के बाद रिव्यू लेने का फैसला किया, जो कि तय नियमों के खिलाफ है। नियमों के मुताबिक, किसी भी टीम को रिव्यू लेने का फैसला रिप्ले स्क्रीन पर आने से पहले करना होता है।
मैच के उस अहम मोड़ पर पाकिस्तान को जीत के लिए दो गेंदों पर 12 रन चाहिए थे। बांग्लादेश के गेंदबाज रिशाद हुसैन की गेंद लेग स्टंप की ओर पिच हुई और बल्लेबाज शाहीन शाह अफरीदी से दूर लेग साइड की तरफ घूम गई। ऑन-फील्ड अंपायर ने इसे वाइड करार दिया था। हालांकि, कुछ देर चर्चा के बाद बांग्लादेश ने एलबीडब्ल्यू के लिए रिव्यू ले लिया, जबकि गेंद अफरीदी के पैरों या शरीर के किसी भी हिस्से से नहीं टकराई थी।
क्यों पाकिस्तान को जता रहे विरोध
पाकिस्तान का कहना है कि स्क्रीन पर रिप्ले आने के बाद रिव्यू लिया गया, जिससे फैसले पर असर पड़ा। टीम ने यह भी आरोप लगाया कि बांग्लादेश ने रिव्यू लेने में तय 15 सेकंड से ज्यादा समय लिया। हालांकि आधिकारिक प्रसारण में कोई टाइमर नहीं दिखाया गया, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि रिव्यू निर्धारित समय के भीतर लिया गया था या नहीं।
टी20 विश्व कप 2026 के बाद दोनों देशों के बीच हुई इस पहली वनडे सीरीज के दौरान कई बार दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनाव देखने को मिला। सलमान अली आगा का रन आउट इसमें प्रमुख है। आगा के रन आउट के बांग्लादेश के अपील को पाकिस्तान टीम ने खेल भावना के विपरीत माना था।


