Ladki Bahin Yojana Update: महाराष्ट्र की लाखों महिलाएं ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना’ (Majhi Ladki Bahin Yojana) की फरवरी और मार्च महीने की किश्तों का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। अब चर्चा है कि राज्य सरकार गुड़ी पड़वा (19 मार्च) के शुभ अवसर पर महिलाओं के बैंक खातों में दोनों महीनों की किस्त एक साथ जमा कर सकती है। यदि ऐसा होता है, तो पात्र महिलाओं के खाते में सीधे 3000 रुपये की राशि जमा होगी, जो उनके लिए किसी तोहफे से कम नहीं होगी। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीन योजना (Ladli Behen Scheme) के तहत हर महीने लाभार्थी महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। हालांकि, मार्च का आधा महीना बीत जाने के बाद भी लाडली बहनों को फरवरी की किस्त नहीं मिली है, जिससे उनके मन में संशय बना हुआ था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार तकनीकी प्रक्रियाओं और बजट आवंटन को अंतिम रूप दे रही है। बताया जा रहा है कि सरकार दो महीनों के पैसे यानी कुल 3000 रुपये एक साथ जारी कर कर सकती है। इससे पहले भी कुछ मामलों में लाभार्थियों को दो महीने की राशि एक साथ दी गई है।
क्या 19 मार्च को जमा होंगे पैसे?
महाराष्ट्र में गुड़ी पड़वा का त्यौहार 19 मार्च को मनाया जाएगा। मराठी नववर्ष की शुरुआत के इस मौके पर महायुति सरकार लाडली बहनों को बड़ी सौगात दे सकती है। हालांकि अभी तक राज्य सरकार की ओर से दो किस्तें एक साथ देने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
अब राज्यभर की महिलाओं की नजर अपने बैंक खातों पर टिकी हुई है। सभी यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि इस महीने उन्हें सिर्फ 1500 रुपये मिलेंगे या फिर 3000 रुपये की डबल किस्त एक साथ जमा होगी। सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
e-KYC नहीं तो पैसे नहीं!
3000 रुपये मिलने की खबरों के बीच एक महत्वपूर्ण जानकारी भी सामने आई है। जिन महिलाओं ने अभी तक अपनी ई-केवायसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी नहीं की है या जिनका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, उनके पैसे अटक सकते हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं महिलाओं को भुगतान किया जाएगा जिनके दस्तावेज पूरी तरह सत्यापित हैं। लाभार्थी महिलाएं योजना के आधिकारिक पोर्टल या ऐप पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकती हैं।


