शाहजहांपुर में पेट्रोल भरवाने के तुरंत बाद एक ओमनी कार में आग लग गई। कार में आग की लपटें देख ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद मौके से फरार हो गया।घटना अल्हागंज थाना क्षेत्र के हुल्लापुर के पास का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल पंप से सड़क पर आते ही कार से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं। चालक ने तुरंत वाहन से कूदकर खुद को सुरक्षित किया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण सड़क पर यातायात रोकना पड़ा, जिसे लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद सुचारू किया जा सका। तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। अल्हागंज थाना प्रभारी ने बताया कि आग बुझा ली गई है और जली हुई कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है ताकि उससे पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।


