सैनी समाज का जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह, 150 प्रतिभाओं को किया सम्मानित

सकट कस्बे के बड़ी बाड़ी सैनीयों का बास स्थित सेढ़ माता मंदिर के पास ज्योतिबा फुले चौक पर सैनी समाज सकट नारायणपुर के तत्वावधान में सैनी समाज का तृतीय जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज की करीब 150 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि सुरेंद्र भड़ाना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी है। विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने परिवार, गांव और समाज का नाम रोशन करना चाहिए।

सरपंच प्रतिनिधि फूलचंद सैनी ने बताया कि समारोह में शिक्षण सत्र 2024-25 में सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सैनी समाज के 150 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राजकीय सेवाओं में कार्यरत समाज के लोगों को भी गोल्ड मेडल, ज्योतिबा और सावित्रीबाई फुले का छायाचित्र तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान पद दंगल का भी आयोजन किया गया, जिसमें रामोवतार सैनी गुड़ाचंद्रजी और भीखाराम मीणा डैडान एंड पार्टी के कलाकारों ने पद गायन के माध्यम से धार्मिक और पौराणिक कथाओं के साथ बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा नशा मुक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन फूलचंद सैनी ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुरारी लाल सैनी, राजेंद्र तिवाड़ी, मुकेश मंडावरी आदि मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता सरपंच मालती देवी सैनी ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *