ट्रक से टकराने पर कार सवार दो दोस्तों की मौत:सहारनपुर के नानौता में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर हुआ हादसा, तीन अन्य घायल

ट्रक से टकराने पर कार सवार दो दोस्तों की मौत:सहारनपुर के नानौता में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर हुआ हादसा, तीन अन्य घायल

सहारनपुर के नानौता में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना नानौता से शामली मार्ग पर स्थित गंग नहर के पुल पर हुई। थाना पुलिस के अनुसार क्रेटा कार में पांच युवक सवार थे, जो पानीपत से हरिद्वार जा रहे थे। कार शामली की ओर से सहारनपुर की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण कार ने आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मारी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना इंस्पेक्टर नवीन कुमार सैनी और जंधेडी चौकी इंचार्ज उपेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नानौता सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हरियाणा के पानीपत जनपद स्थित जनक गार्डन बत्रा कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय राधेश्याम पुत्र सुरेश कुमार और गांव उटला निवासी 25 वर्षीय जरनैल सिंह के रूप में हुई है। घायलों में जसमेर कादयान पुत्र कर्मवीर, दीपक पुत्र जगदेव और पवन पुत्र जगदीश शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार में सवार सभी युवक आपस में दोस्त थे। थाना इंस्पेक्टर नवीन कुमार सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *