Vaibhav Sooryavanshi: राजस्थान रॉयल्स (RR) के वैभव सूर्यवंशी ने साफ कर दिया है कि उनका अगला टारगेट सिर्फ IPL ट्रॉफी है। 14 साल की उम्र में अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने और IPL 2025 में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने के बाद, अब यह खिलाड़ी RR को खिताब दिलाने के लिए बेताब है। जानिए कैसे राहुल द्रविड़ के गुरुमंत्र ने बदला इस 14 साल के बिहारी लाल का खेल।
Rajasthan Royals, Vaibhav Sooryavanshi: राजस्थान रॉयल्स (RR) के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 के लिए अपनी खास प्लानिंग शेयर की है। महज 14 साल की उम्र में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाले इस बल्लेबाजी सेंसेशन की नजरें अब राजस्थान रॉयल्स को आगामी सीजन में खिताब जिताने पर टिकी हैं। वैभव ने IPL 2025 में सबसे कम उम्र में शतक लगाकर तहलका मचा दिया था। इसके अलावा, इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी।
वैभव सूर्यवंशी का मिशन
रविवार को BCCI नमन अवॉर्ड्स के दौरान वैभव ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए अपने लक्ष्य साफ किए। वैभव ने कहा, ‘इस IPL सीजन का मेरा सबसे बड़ा लक्ष्य अपनी टीम के लिए ट्रॉफी जीतना है। मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं ताकि उससे पूरी टीम को फायदा मिले। मेरा फोकस RR की जीत में योगदान देना और फ्रेंचाइजी को चैंपियन बनाना है।’
RR के साथ सफर की शुरुआत
वैभव सूर्यवंशी तब चर्चा में आए थे जब राजस्थान रॉयल्स ने 2024 में उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे वे IPL कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए थे। बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया, ‘जब मैंने डोमेस्टिक डेब्यू किया, तभी से RR की स्कॉटिंग टीम मुझ पर नजर रखे हुए थी। मुझे यकीन था कि मैं RR में जा सकता हूं क्योंकि मेरा ट्रायल उनके साथ बहुत अच्छा रहा था।’ वैभव का मानना है कि राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ने के बाद उनके खेल और जीवन में काफी सुधार आया है।
राहुल द्रविड़ से मिला गुरुमंत्र
वैभव ने बताया कि उन्हें दिग्गज राहुल द्रविड़ और टीम के सीनियर खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने कहा, ‘किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए पहला IPL कैंप बहुत रोमांचक होता है और मेरे लिए भी वैसा ही था। वहां राहुल सर थे, जिनसे मैंने बहुत कुछ सीखा। टीम में इतने सारे सीनियर खिलाड़ी थे कि पहले कैंप और पहले IPL के दौरान मेरा अनुभव बहुत शानदार रहा।’
साथियों से मिलकर खुश
अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर वैभव इस अवॉर्ड फंक्शन में अपने वर्ल्ड कप विजेता साथियों से मिलकर काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप जीतने के बाद अपने साथियों और कोचों से दोबारा मिलना एक सुखद अनुभव है।
Sports – Patrika | CMS


