MP Board 10th 12th Result 2026: माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) भोपाल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन कार्य 70 फीसदी तक पूरा हो गया है। वहीं 23 मार्च से मूल्यांकन का चौथा और अंतिम चरण शुरू हो जाएगा। मामले में माशिमं का कहना है कि यदि मूल्यांकन कार्य की गति इसी तरह बनी रही, तो अप्रेल के पहले सप्ताह में जहां परिणाम तैयार हो जाएंगे वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रेल के तीसरे सप्ताह तक परिणाम जारी किए जा सकते हैं।
16 लाख स्टूडेंट्स की 90 लाख कॉपियां चेक
मध्य प्रदेश में इस साल करीब 16 लाख स्टूडेंट्स ने 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा दी हैं। इन परिक्षार्थियों की करीब 90 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। इस कार्य में प्रदेशभर के 18 हजार शिक्षक लगे हुए हैं। ज्यादातर जिलों में मूल्यांकन का ये कार्य तेज गति से चल रहा है, वहीं कुछ जिलों में इसकी रफ्तार जरा धीमी बनी हुई है। आगर मालवा और नर्मदापुरम जिलों में अब तक करीब 40 फीसदी उत्तर पुस्तिकाओं का ही मूल्यांकन हो पाया है।
अब दिए सख्त निर्देश
जिन जिलों में उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य धीमी गति से चल रहा है, उनमें मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, भिंड और मुरैना जैसे जिलों में भी मूल्यांकन की गति धीमी पाई गई। मंडल ने इन जिलों में मूल्यांकन कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस बार परिणाम (MP Board 10th 12th Result) जल्दी घोषित करने के उद्देश्य से स्टूडेंट्स को दूसरी परीक्षा की तैयारी के लिए 20 दिन का पर्याप्त समय देने की कोशिश है। बोर्ड की दूसरी परीक्षा 7 मई को होनी है, जबकि पिछले वर्ष यही परीक्षा जुलाई में आयोजित की गई थी।

मूल्यांकन का 70 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह तक परिणाम (MP Board 10th 12th Result 2026) घोषित कर दिया जाएगा।
-बुद्धेष कुमार वैद्य, सचिव, माशिमं


