रणजीत हनुमान मंदिर के भव्य स्वरूप का काम तेज:रणजीत लोक बनाने के लिए दिन के बजाए रात में हो रहा काम, दर्शन व्यवस्था में परिवर्तन

रणजीत हनुमान मंदिर के भव्य स्वरूप का काम तेज:रणजीत लोक बनाने के लिए दिन के बजाए रात में हो रहा काम, दर्शन व्यवस्था में परिवर्तन

इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में रणजीत लोक का काम तेजी से चल रहा है। छोटी पार्किंग के साथ ही मंदिर के मुख्य गेट के सामने भी काम चल रहा है। इस काम के चलते दर्शन व्यवस्थाओं में भी परिवर्तन किया जा चुका है। अब मुख्य गेट के बजाए बड़ी पार्किंग से लोग दर्शन करने के लिए मंदिर में प्रवेश कर रहे हैं। अंदर भी तीन स्टेप दर्शन व्यवस्था रखी गई है, ताकि एक बार में कई श्रद्धालु दर्शन कर सके। हालांकि भक्तों की भीड़ को देखते हुए दिन के बजाए रात में काम किया जा रहा है। बता दें कि रणजीत हनुमान मंदिर लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र है। रोजाना हजारों भक्त मंदिर में दर्शन करने आते हैं। मंदिर में रणजीत लोक बनाकर मंदिर का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इस पर कुल 7 करोड़ रुपए खर्च होंगे। ये काम होना है रणजीत लोक के लिए पाथ-वे की दीवारों पर रामायण और सुंदरकांड की झलक मंदिर समिति के महाप्रबंधक एन.एस. राजपूत ने बताया- यहां सभी तरह के मौसम के मुताबिक व्यवस्थाएं जुटाई जाएंगी ताकि सर्दी, गर्मी और बारिश में भक्तों को परेशानी न हो। बैठने के लिए नई बेंच लगेंगी। बाउंड्रीवाल भी बनाई जाएगी। 25 फीट का पाथ-वे बनेगा, इसकी दीवारों पर पत्थरों से भगवान हनुमान से जुड़े दृश्य उकेरे जाएंगे। रामायण और सुंदरकांड को तस्वीरों में दर्शाया जाएगा। छत पर कशीदाकारी, बाउंड्रीवॉल पर रंगबिरंगी रोशनी रणजीत लोक की छत पर भी कशीदाकारी की जाएगी। बाउंड्रीवॉल पर रंगबिरंगी लाइटिंग लगेगी। यहां भी सुंदरकांड का चित्रण होगा। मंदिर का एक्सटेंशन 40 फीट आगे तक होगा। नया मुख्य द्वार बनेगा। शेड तैयार किए जाएंगे। मंदिर परिसर में ही पुलिस चौकी बनाई जाएगी। नया जूता स्टैंड, पेय जल की व्यवस्था की जाएगी। बेबी फीडिंग रूम और बुजुर्गों के लिए अन्य सुविधाएं जुटाई जाएंगी। स्मार्ट सिटी संभाल रहा निर्माण की जिम्मेदारी, सालभर लगेगा एन.एस राजपूत ने बताया- रणजीत लोक निर्माण की जिम्मेदारी नोडल एजेंसी इंदौर स्मार्ट सिटी को दी गई है। रणजीत लोक में कपाउंड वॉल के यहां 50 मीटर के कॉरिडोर की छत डलने वाली है। हफ्तेभर में ये काम पूरा हो जाएगा। बाकी छोटी पार्किंग में जो काम होना है वह इसके बाद ही किया जाएगा। जो मेन गेट का हिस्सा है वहां पर कॉलम फुटिंग का काम हो गया है। डेढ़ महीने में छत की तैयारी हो जाएगी। काम काफी तेजी से चल रहा है। चूंकि मंदिर का काम है, पब्लिक रहती है, भक्त लोग रहते हैं तो हमें रात में काम ज्यादा करना पड़ रहा है और दिन में काम नहीं कर पाते तो रात की रात में चल रहा है। तो काफी तेजी से चल रहा है काम। काम पूरा करने के लिए दो साल दिए थे। लगभग अभी 8-9 महीने हो गए हैं और हमें विश्वास है कि एक साल और लगेगा काम पूरा होने के लिए। दर्शन व्यवस्थाओं में किया बदलाव, थ्री स्टेप लेयर बनाई मंदिर के मुख्य पुजारी पं.दीपेश व्यास ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ही मंदिर के अंदर नया रणजीत लोक का निर्माण काम स्मार्ट सिटी के माध्यम से किया जा रहा है, ये काम लगातार जारी है। इसके अंदर भक्तों की सुविधा के लिए कम समय में अधिकतम भक्त दर्शन कर सके, उस हेतु एक कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए छोटी पार्किंग में कॉलम खड़े हो चुके हैं और बीम और छत की तैयारी यहां पर चल रही है। वहां से भक्त प्रवेश कर कर जिक जैक पैर्टन से होते हुए मंदिर के अंदर आएंगे और अत्यंत ही कम समय में बाबा के दर्शन लाभ कर मंदिर के बाहर निकल सकेंगे। चूंकि काम चल रहा है इसलिए अभी दर्शन व्यवस्था में थोड़ा बदलाव किया गया है। बड़े पार्किंग में से ही दर्शन व्यवस्था का इंतजाम किया गया है, तथा मंदिर के अंदर ही थ्री-स्टेप में भक्तों को दर्शन कराए जा रहे हैं और विगत दो महीने से व्यवस्था जारी है तो किसी भी प्रकार की कोई असुविधा दर्शनार्थियों को नहीं आ रही है। सभी श्रद्धालु वर्तमान समय में बिना किसी परेशानी के दर्शन का लाभ ले रहे हैं। अभी चूंकि हम सब लोगों ने मिलकर निर्णय लिया था कि मंगलवार और शनिवार को यहां होने वाले सुंदरकांड के पाठ को पीछे किया जाए तो अभी सुंदरकांड के पाठ को पीछे की तरफ कर दिया गया है। जिसमें पहले से अधिक संख्या में श्रद्धालु सुंदरकांड के पाठ का लाभ ले रहे हैं और मंदिर का जो प्रांगण है, जो हॉल है उसमें थ्री-स्टेप दर्शन व्यवस्था हम लोगों ने कर दी है, जिसमें श्रद्धालु बिना किसी धक्का-धुक्की के आराम से दर्शन लाभ ले रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *