पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। बारिश और कुछ जिलों में ओले गिरने से तापमान में 6.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, मार्च महीने में पहली बार तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री नीचे पहुंच गया, जिससे ठंड महसूस हो रही है। आज 16 मार्च को भी गरज-चमक के साथ तूफान, बिजली गिरने की संभावना और तेज़ हवाएं चलने का यलो अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहेगी। सबसे अधिक तापमान अबोहर में 28 डिग्री दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 26.5°C दर्ज किया गया। 11 जिलों के लिए आज अलर्ट मौसम विभाग के मुताबिक आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इन्हीं जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बादल छाने और बारिश की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ ही दक्षिण हरियाणा के ऊपर हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है और ऊपरी स्तर पर तेज पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इन मौसम प्रणालियों के असर से पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। नौ जिलों में बारिश रिकॉर्ड मौसम विभाग के मुताबिक गत दिवस सबसे ज्यादा बारिश अमृतसर में 5.0 मिमी दर्ज की गई, जबकि अबोहर (फाजिल्का) और संगरूर में 4.0 मिमी, फिरोजपुर में 2.5 मिमी, पटियाला में 2.0 मिमी और श्री आनंदपुर साहिब (रूपनगर) में 1.5 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा लुधियाना में 1.2 मिमी, पठानकोट में 1.0 मिमी, बठिंडा में 0.5 मिमी तथा फरीदकोट और चंडीगढ़ में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। 3 दिन इस तरह का मौसम रहेगा मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 16, 17, 18 और 21 मार्च को अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 3 से 5°C तक गिर सकता है, उसके बाद अगले दो दिनों में फिर 3 से 5°C बढ़ने की संभावना है और इसके बाद दोबारा 3 से 5°C गिरावट आ सकती है। 15 और 19 मार्च को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 15 मार्च को कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके अलावा 16 और 20 मार्च को अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना है।


