ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में खाने के बिल को लेकर हुए विवाद में ढाबे के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। घटना रेलवे रोड स्थित प्रिंस ढाबे पर हुई, जहां 8 से 10 दबंगों ने कर्मचारियों को पीटा और धमकी देकर फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जिसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, शिव वाटिका निवासी रमेश का रेलवे रोड पर प्रिंस ढाबा है। 12 मार्च की रात करीब 11 बजे कुछ लोग ढाबे से खाना पैक करवाकर जा रहे थे। उनका बिल 900 रुपए बना था। जब कर्मचारियों ने उनसे खाने के पैसे मांगे, तो इन लोगों ने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज की। कुछ ही देर में उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। दबंगों ने लोहे की रॉड से भी हमला किया।मारपीट के बाद, दबंग कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह दबंग ढाबे के कर्मचारियों को पीट रहे हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद दादरी पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।


