करनाल में ऑयल टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर:पति की मौत,पत्नी की हालत गंभीर घायल, पीजीआई में किया रेफर

करनाल में ऑयल टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर:पति की मौत,पत्नी की हालत गंभीर घायल, पीजीआई में किया रेफर

करनाल जिले में पबाना गांव के पास एक तेज रफ्तार ऑयल टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पबाना-हसनपुर के पास भट्ठे के नजदीक हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा पबाना और हसनपुर के बीच भट्ठे के पास हुआ। रविवार देर शाम को जब बाल राजपुतान निवासी 32 वर्षीय सोनू अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक पबाना-हसनपुर रोड पर भट्ठे के पास पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ऑयल टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को करनाल के अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी पत्नी की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद करनाल से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किया पीछा, टैंकर चालक ने खेतों में उतारा वाहन
हादसे के बाद ग्रामीणों ने टैंकर चालक को मौके से भागते हुए देखा और उसका पीछा शुरू कर दिया। करीब 9 किलोमीटर दूर आरोपी चालक ने टैंकर को गेहूं के खेतों में उतार दिया। इस दौरान उसने पीछा कर रहे लोगों पर हमला करने की भी कोशिश की, जिसके बाद ग्रामीण वहां से हट गए और पुलिस को सूचना दी। मजदूरी कर परिवार चलाता था सोनू, दो बेटियों का था पिता
मृतक सोनू मजदूरी का काम करता था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह दो बेटियों का पिता था। अचानक हुए इस हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। भाई ने दी शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच
सोनू के भाई राजकुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि सोनू अपनी पत्नी के साथ बाइक पर जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हुआ। पुलिस ने राजकुमार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी टैंकर चालक की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *