सहजन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा युवक, अचानक 11 हजार वोल्ट लाइन से चिपका… पेड़ और तार के बीच लटकता रहा शव, मचा हड़कंप

सहजन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा युवक, अचानक 11 हजार वोल्ट लाइन से चिपका… पेड़ और तार के बीच लटकता रहा शव, मचा हड़कंप

Kanpur News। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सहजन की फली तोड़ने के दौरान एक युवक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को नीचे उतारा गया।

पेड़ पर चढ़कर तोड़ रहा था सहजन की फलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महर्षि दयानंद विहार फेस-वन स्थित दीक्षित चौराहे के पास सड़क किनारे सहजन का पेड़ लगा है। इसी पेड़ के पास से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। रविवार शाम करीब एक युवक पेड़ पर चढ़कर सहजन की फलियां तोड़ रहा था। इसी दौरान उसका हाथ हाईटेंशन लाइन से छू गया और तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।करंट लगते ही युवक का शरीर पेड़ और बिजली के तारों के बीच फंस गया। ऊंचाई और बिजली लाइन के कारण उसे तुरंत नीचे उतारना संभव नहीं हो सका, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हाइड्रोलिक क्रेन से नीचे उतारा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने केस्को अधिकारियों को बुलाकर पहले बिजली सप्लाई बंद कराई, ताकि किसी अन्य हादसे की आशंका न रहे। इसके बाद केस्को की टीम हाइड्रोलिक क्रेन लेकर पहुंची। काफी ऊंचाई पर पेड़ और हाईटेंशन लाइन के बीच शव फंसा होने के कारण उसे नीचे उतारने में काफी कठिनाई हुई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से युवक के शव को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

युवक की नहीं हो सकी पहचान

कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि मृत युवक की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। उसकी जेब से करीब 200 रुपये मिले हैं, लेकिन कोई पहचान पत्र नहीं मिला। शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और युवक की पहचान कराने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *