पलवल जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच रविवार को पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडरों का वितरण किया गया। शनिवार सुबह से ही गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। जिला प्रशासन ने कालाबाजारी रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंसियों पर पुलिसकर्मी तैनात किए थे। एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित एजेंसी संचालकों के अनुसार, जिले में होली के बाद से ही एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित है। पर्याप्त संख्या में सिलेंडर न मिलने के कारण आपूर्ति रुक-रुक कर हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। बुकिंग होने पर समय पर नहीं डिलीवरी उपभोक्ताओं अनिल भार्गव, मंजीत डाबर, संजय वर्मा और हरीश कुमार ने बताया कि बुकिंग के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही है। कई परिवारों को खाना बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द गैस आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है। एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक- डीसी वहीं, डीसी डॉ. हरीश कुमार का कहना है कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से घबराने या एजेंसियों पर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं होने की बात कही। डीसी ने आश्वासन दिया कि गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जाएगा। 45 दिन के बाद होगी नई बुकिंग नए नियमों के अनुसार, शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन के बाद ही नई बुकिंग की जा सकेगी। जिले में करीब ढाई लाख घरेलू और कमर्शियल गैस कनेक्शन हैं, जिनमें से बड़ी संख्या घरेलू उपभोक्ताओं की है। लगभग एक हजार कॉमर्शियल गैस कनेक्शन होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में उपयोग किए जाते हैं। जिले में कुल 23 एजेंसियां सिलेंडर की आपूर्ति करती हैं।


