सड़क-हादसे में बालोद नगर-पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष की मौत:दुकान से घर लौटते समय विंगर ने मारी टक्कर, सिर में गहरी चोट से गई जान

सड़क-हादसे में बालोद नगर-पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष की मौत:दुकान से घर लौटते समय विंगर ने मारी टक्कर, सिर में गहरी चोट से गई जान

बालोद शहर के गंजपारा क्षेत्र में रविवार शाम हुए सड़क हादसे में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष सुखित राम साहू (60 वर्ष) की मौत हो गई। वे वर्ष 1994 में नगर पालिका बालोद के उपाध्यक्ष रह चुके थे और शहर के सर्वोदय मंडल के संरक्षक भी थे। मिली जानकारी के अनुसार, सुखित राम साहू गंजपारा स्थित एफसीआई गोदाम के पास अपनी दुकान सर्वोदय ऑटो पार्ट्स बंद कर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुर्गा मंदिर के सामने शाम 7.40 बजे एक विंगर वाहन के ड्राइवर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनके सिर में गहरी चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पूर्व उपाध्यक्ष की मौत से शहर में शोक जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा दुबे ने बताया कि सुखित राम साहू बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वे स्कूटी बहुत धीमी गति से चलाते थे और कभी भी 20–30 किमी प्रति घंटे से अधिक गति नहीं रखते थे। शहर के कई धार्मिक और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। उनके निधन की खबर से शहर में शोक की लहर है। बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शव को फिलहाल मर्च्युरी में रखवाया गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। सुखित राम साहू की अंतिम यात्रा सोमवार को उनके गृह निवास पांडेय पारा से पांडेयपारा मुक्तिधाम तक निकाली जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *