रोडवेज बस से टकराई अनियंत्रित कार, एक की मौत

रोडवेज बस से टकराई अनियंत्रित कार, एक की मौत

शनिवार रात की घटना, हादसे में कार सवार अन्य 4 लोग सहित बस चालक और परिचालक घायल

dholpur. जिले के मनियां थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे 44 पर थाने के ठीक सामने शनिवार रात करीब 10 बजे एक अनियंत्रित कार डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही राजस्थान रोडवेज बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोडवेज बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। वहीं कार सड़क किनारे बनी खाई में जा गिरी। देखते ही देखते घटना स्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार में मौजूद सभी घायलों को लोगों की मदद से मनियां अस्पताल पहुंचाया, जिसमें दो युवकों की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया।

अजमेर जिले के विजय नगर निवासी बस चालक नंदलाल ने बताया वह धौलपुर से आगरा की ओर जा रहा था। तभी मनियां थाने के सामने दाई ओर से एक कार बहुत तेज रफ्तार में आगरा की ओर से आई और अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करते हुए बस से टकरा गई। जिसमें खुद बस चालक और परिचालक घायल हो गए। मनियां थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में कार सवार 5 लोग घायल हो गए। जिसमें सुमित पुत्र हप्पू, बंटू जाटव, मन्नू जाटव, भोला एवं अंकित पुत्र गोपाल शामिल हैं। जिन्हें लोगों के सहयोग से मनियां सीएचसी पहुंचाया गया। जिसमें से दो युवकों की हालत ज्यादा गंभीर थी, उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अंकित पुत्र गोपाल सक्सेना उम्र करीब 18 वर्ष निवासी बगदा जिला आगरा उत्तर प्रदेश की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *