भिवानी के बड़ चौक स्थित भगवान परशुराम धर्मशाला में रविवार को इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) की संगठनात्मक बैठक हुई। जिसमें इनेलो द्वारा 23 मार्च को शहीदी दिवस के अवसर पर नरवाना में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन को सफल बनाने के लिए चर्चा हुई और ड्यूटी लगाई गई। इसमें मुख्य वक्ता के तौर पर इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डा. वासुदेव शर्मा और राष्ट्रीय संगठन सचिव व जिला प्रभारी उमेद लोहान पहुंचे। बैठक में इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु और भिवानी हल्का अध्यक्ष जितेंद्र मिनी गौरीपुर भी मौजूद रहे। इनेलो के राष्ट्रीय संगठन सचिव व जिला प्रभारी उमेद लोहान ने गैस की किल्लत को लेकर कहा कि इसे पूरी जनता देख रही है कि अगर कहीं कुछ दिन युद्ध हो जाए तो हमारे देश के पास स्टॉक तक नहीं है। जिससे 5-7 महीने गैस का उपभोक कर सके। सरकार ने कॉमर्शियल सिलेंडर भी बंद कर दिए। शादियों में दिक्कत आने लग गई थी। यह तो ईरान ने 2 गैस के जहाज आने के लिए अनुमति दे दी। उम्मीद है कि ईरान की महरबानी की वजह से कुछ सुधार आएगा। राज्यसभा चुनाव को लेकर ली चुटकी
राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा व कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं और दोनों प्रयास भी कर रहे हैं। लेकिन ज्यादा शर्मिंदगी की बात यह है कि जो लोग 50-80 हजार लोगों के प्रतिनिधि हैं। उन्हें भेड़-बकरियों की तरह बसों में लादा जा रहा है। वह भी इसलिए कि बाहर रहने पर ये बिक ना जाएं या फिर भाजपा इन्हें खरीद ना ले। ऐसे लोगों को टिकट देकर प्रतिनिधि बनातें हैं और फिर इस काबिल भी नहीं समझते कि उनको लोगों की बीच बाहर छोड़ा जाए। यह तो कांग्रेस के लिए शर्मिंदगी की बात है, जिसे अपने विधायकों पर विश्वास नहीं है। जिस तरह हरियाणा के लोग भाजपा से दुखी है, जो किसान, मजदूरी व छोटे व्यापारी की भावना है। उसका आभास चौधरी अभय सिंह चौटाला को हैं, जिन्हें पार्टी ने अधिकृत किया है। उसके अनुसार वे फैसला लेंगे। यह सम्मेलन युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का शंखनाद
पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा ने कहा कि इनेलो हमेशा से युवाओं और किसानों की आवाज रही है। 23 मार्च का दिन भारतीय इतिहास में बलिदान का प्रतीक है। इस दिन नरवाना की धरती पर होने वाला इनेलो का युवा सम्मेलन हरियाणा की राजनीति में मील का पत्थर साबित होगा। यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का शंखनाद है, जो आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति को एक नई और सकारात्मक दिशा प्रदान करेगा। कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई
जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु और हल्का अध्यक्ष जितेंद्र मिनी गौरीपुर ने अतिथियों को विश्वास दिलाया कि भिवानी हल्का से हजारों की संख्या में युवा नरवाना पहुंचेंगे। बैठक में कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां भी लगाई गईं ताकि गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस सम्मेलन का हिस्सा बनाया जा सके। इस अवसर इनेलो नेता सुनील लांबा, पूर्ण जांगड़ा, मास्टर रामकिशन, इनेलो युवा जिला संगठन सचिव घनश्याम गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


