पंजाब के संगरूर जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की कथित तौर पर धमकियों और चुनौती के बाद दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। बेटे का आरोप है कि आरोपियों ने यह जानते हुए कि वह दिल के मरीज उनको जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना संगरूर के पुलिस स्टेशन लहरा क्षेत्र में हुई। मृतक चग्गड सिंह दसमेस नगर कोठे के रहने वाले थे। वह दिल के मरीज थे। गांव के ही दो लोगों पर उनके सामने चिल्लाने और धमकी देने का आरोप लगा है। बेटे सुखजिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे उनके पिता अपने प्लाट से खाद की एक ट्राली खेत में डलवाने जा रहे थे। इसी दौरान भोला सिंह ट्रैक्टर-ट्राली को गली में लेकर आया।जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली गली में पहुंची, दसमेस नगर कोठे निवासी सुखविंदर सिंह और गुरउपदेश सिंह उर्फ जस्सी ने उसे रोक लिया। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राली को आगे नहीं जाने दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगे, यह कहते हुए कि वे उसे रास्ते से नहीं जाने देंगे। आरोपियों को इस बात की जानकारी थी कि चग्गड सिंह दिल के मरीज थे और तेज आवाज बर्दाश्त नहीं कर सकते थे। इसके बावजूद, उन्होंने जानबूझकर उन्हें चुनौती दी और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों की धमकियों और हंगामे के कारण चग्गड सिंह घबरा गए और मौके पर ही गिर पड़े। परिजनों ने तुरंत एक वाहन का इंतजाम कर उन्हें इलाज के लिए जेबीएम पब्लिक हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सुखजिंदर सिंह की शिकायत के आधार पर सुखविंदर सिंह और गुरउपदेश सिंह उर्फ जस्सी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


