सोनीपत शहर में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था, गैस संकट, राज्यसभा चुनाव और राजनीतिक हालात तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। चौटाला ने कहा कि एक ओर सरकार देश को विश्वगुरु बनाने की बात करती है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव के सामने प्रधानमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने हरियाणा सरकार को भी निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री पर कटाक्ष किया और कहा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री किसी भी मुद्दे की जानकारी नहीं रखता। साथ ही उन्होंने पीले कार्ड (राशन कार्ड) के मुद्दे पर भी सड़क पर आंदोलन की चेतावनी दी। मुख्यमंत्री को बताया डमी, किसी बात का नहीं ज्ञान मंच से संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री डमी बनकर रह गया है और उन्हें किसी भी बात का सही ज्ञान नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अंग्रेजी तक पढ़नी नहीं आती, जिससे प्रदेश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर असर पड़ रहा है। पीले कार्ड के मुद्दे पर सड़क पर उतरेगी इनेलो चौटाला ने कहा कि जैसे पहले बुजुर्गों की पेंशन के लिए इनेलो ने संघर्ष किया था, उसी तरह अब पीले राशन कार्ड के मुद्दे पर भी पार्टी सड़कों पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक के लिए इनेलो हमेशा आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। ट्रंप की धमकियों पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प खुलेआम भारत को धमकियां दे रहे हैं, लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर चुप हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब भारत को ट्रंप के निर्देशों के अनुसार चलाया जाएगा। गैस की किल्लत को लेकर सरकार पर हमला प्रदेश में गैस की कमी को लेकर भी चौटाला ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार झूठ बोल रही है और वास्तविक स्थिति छिपा रही है। गैस की कमी के कारण कई स्थानों पर होटल और ढाबे तक बंद होने की नौबत आ चुकी है, जिससे आम लोगों और कारोबारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गैस एजेंसियों से मिलीभगत का आरोप चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार गैस एजेंसी संचालकों के साथ मिलीभगत कर रही है और कमीशनखोरी के जरिए जनता को लूटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम कमी पैदा कर गैस की कालाबाजारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप राज्यसभा चुनाव को लेकर भी चौटाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए करोड़ों रुपए की बोली लगाई जा रही है, जिससे लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। कांग्रेस विधायकों को हिमाचल ले जाने पर तंज कांग्रेस विधायकों को हिमाचल ले जाने के मामले पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें भेड़-बकरियों की तरह ठूंसकर ले जाने की क्या जरूरत थी। इससे साफ जाहिर होता है कि नेताओं को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है। हरियाणा में बढ़ते अपराध को लेकर भी चौटाला ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और जेलों में बैठे अपराधी प्रशासन चला रहे हैं, जबकि सरकार में बैठे लोग उनके आदेशों की पालना कर रहे हैं। रैपर बादशाह विवादित गाने पर मांगे माफी रैपर बादशाह के विवादित गाने पर बोलते हुए चौटाला ने कहा कि अगर बादशाह खुद को हरियाणा का मानते हैं, तो उन्हें अपने विवादित गाने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की संस्कृति और सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जेजेपी छोड़ इनेलो में शामिल हुए सचिन लाठियां इस मौके पर वार्ड 19 से सचिन लाठिया ने जननायक जनता पार्टी को अलविदा कहकर अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ इंडियन नेशनल लोक दल में आस्था जताई। कार्यक्रम में इनेलो के जिला अध्यक्ष कुणाल गहलोत, प्रदेश सचिव कृष्ण मलिक, पूर्व एसपी अनूप दाहिया, प्रदेश सचिव सुरेश त्यागी, अशोक मलिक, अशोक राणा, सर धर्म सरोहा, विजेंद्र शेखपुरा, बलवान नंबरदार, विकास मलिक, मनजीत फोगाट, जयदीप सरोहा, महावीर शर्मा और सुनील ढाका सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


