चुनाव आयोग ने आज शाम 4 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर असम समेत पांच राज्यों के चुनावी कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि असम की 15वीं विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को खत्म हो रहा है, इसलिए राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समय पर पूरा किया जाएगा। असम की सभी 126 सीटों के लिए चुनावी बिगुल बज चुका है।
एक ही चरण में होगी वोटिंग, 4 मई को आएंगे नतीजे
असम में इस बार विधानसभा चुनाव केवल एक ही चरण में संपन्न होंगे। राज्य की सभी सीटों पर 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद, वोटों की गिनती 4 मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बार असम के लगभग 2.5 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या 1.25 करोड़ है।
इसे भी पढ़ें: Tamil Nadu Assembly Election 2026: तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही फेज में होगा चुनाव, 4 मई को आएंगे नतीजे
सत्ता बरकरार रखने और खोई जमीन पाने की जंग
राज्य की 126 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत होती है। वर्तमान में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाले बीजेपी गठबंधन के पास 86 सीटें हैं, जो बहुमत से काफी ज्यादा है। वहीं, कांग्रेस के पास महज 22 सीटें हैं। इस बार मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। जहां बीजेपी अपनी सत्ता बचाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है, वहीं कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के नेतृत्व में विपक्ष वापसी की उम्मीद कर रहा है।
इसे भी पढ़ें: West Bengal Elections Date | पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोटिंग होगी, 4 मई को आएगा फैसला, जानें आपके राज्य में कब होगा मतदान
चुनाव आयोग ने कसी कमर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। आयोग का मुख्य फोकस शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना है। राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और अब सभी दलों की नजरें 9 अप्रैल को होने वाली वोटिंग पर टिकी हैं।


