संतकबीरनगर पुलिस ने तीन दिन पहले हुई महिला की हत्या का खुलासा करते हुए गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खर्च के लिए पैसे जुटाने के इरादे से लूट की योजना बनाई थी। लेकिन पहचान लिए जाने पर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी।
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि घटना 10 मार्च की रात खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के हाड़ापार गांव में हुई थी। शारदा देवी (60) पत्नी स्वर्गीय रामललित यादव, समय माता मंदिर में चल रहे विष्णु महायज्ञ में कथा सुनकर घर लौट रही थीं।
मुंह दबाकर घसीटते हुए खेत में फेंका इसी दौरान गांव के ही राहुल चौधरी ने सुनसान का फायदा उठाकर उन्हें पीछे से पकड़ लिया। उसने शारदा देवी का मुंह दबाकर उन्हें घसीटते हुए नहर के बंधे से नीचे खेत में गिरा दिया। महिला ने आरोपी को पहचान लिया और शोर मचाने की कोशिश की। जिसके बाद उसने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। गले पर चोट के निशान हत्या के बाद आरोपी महिला के गले, नाक और पैरों से गहने निकालकर फरार हो गया। शारदा देवी का शव गुरुवार को गांव से कुछ दूरी पर दक्षिण नहर के किनारे सरसों के खेत में मिला था। शव के गले पर काले निशान थे। मुंह व नाक से खून निकला हुआ था। मृतका के छोटे बेटे बबुंदर यादव की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार को पुलिस ने सिरमोहनी चौराहा के पास से आरोपी राहुल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक पर करता था खलासी का काम पुलिस ने उसके पास से पीले धातु की एक जोड़ी कान की बाली, सफेद धातु के पायल के चार टुकड़े और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ट्रक पर खलासी का काम करता था, लेकिन काम छोड़ने के बाद पैसों की तंगी से जूझ रहा था। इसी वजह से उसने लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


