धार जिले के नालछा क्षेत्र में शनिवार शाम बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से खेतों में आग लग गई, जिससे 7 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई और 2 किसानों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, जिसके बाद पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे किया है। जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले अनीताबाई के लगभग 2 बीघा खेत में लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पास स्थित रेशमबाई के करीब 5 बीघा खेत तक पहुंच गई। आग ने वहां खड़ी पूरी गेहूं की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल पहुंचने से पहले राख हुई मेहनत शनिवार शाम ग्रामीणों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी और स्वयं भी आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग की तेजी के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। दमकल वाहन के पहुंचने तक दोनों खेतों की पूरी गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी। ग्रामीण ने बताया- शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ग्रामीण कृष्ण परमार ने बताया, “बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण अनीताबाई के खेत में आग भड़की थी।” उन्होंने आगे कहा, “खेत पास-पास होने के कारण आग कुछ ही देर में रेशमबाई के खेत तक फैल गई। तेज लपटों के कारण दोनों खेतों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।” ग्रामीणों को खुद लाना पड़ा पटवारी कृष्ण परमार ने बताया कि घटना की सूचना पटवारी को भी दी गई थी। काफी देर तक फोन लगाने के बाद भी जब पटवारी मौके पर नहीं पहुंचे, तो ग्रामीणों को स्वयं जाकर उन्हें लाना पड़ा। इसके बाद पटवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे किया। किसानों ने की मुआवजे की मांग पीड़ित किसानों का कहना है कि उनकी सालभर की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख हो गई है। इस नुकसान से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का सही आकलन कर सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।


