अनियंत्रित ट्रेलर मकान में घुसा, महिला की कुचलकर मौत, ग्रामीणों ने एनएच 124सी किया जाम

अनियंत्रित ट्रेलर मकान में घुसा, महिला की कुचलकर मौत, ग्रामीणों ने एनएच 124सी किया जाम

गाजीपुर: गहमर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर एक मकान में जाकर घुसा, जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को बंधक बना लिया और नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जिससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया।

चारा लेकर जा रही थी मृतक महिला

जानकारी के मुताबिक गहमर कोतवाली थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में पशुओं का चारा लेकर जा रही इंदु देवी (26) को एक अनियंत्रित ट्रेलर ने कुचल दिया। इसके बाद ट्रेलर पास के ही एक मकान में जाकर टकरा गया। सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद ग्रामीण में गुस्सा भर गया और मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने चालक को बंधक बना लिया। गुसाए ग्रामीणों ने एनएच 124सी को भी जाम कर दिया है। इसकी वजह से हाईवे पर जाम लग गया।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की जानकारी होने के बाद गहमर थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह और जमानिया क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, तहसीलदार सुनील कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी चालक को कठोर सजा दी जाए। इसके साथ ही नेशनल हाईवे पर पर्याप्त संख्या में में स्पीड ब्रेकर भी बनवाया जाए, जिससे इस तरह की घटनाएं न हो सके। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां से गुजरने वाले वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे ऐसी दुर्घटना होने का डर बना रहता है।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि गहमर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर ने महिला को टक्कर मार डी है और एक मकान में घुस गया है। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास जारी है ताकि हाईवे पर आवागमन सुचारू हो सके। पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर प्राप्त किया जा रहा है और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *