यह बस शुरुआत है… भारत के बैक-टू-बैक 5 आईसीसी खिताब जीतने पर Rohit Sharma का बड़ा बयान

यह बस शुरुआत है… भारत के बैक-टू-बैक 5 आईसीसी खिताब जीतने पर Rohit Sharma का बड़ा बयान

Rohit Sharma: भारत ने टी20 वर्ल्‍ड के साथ बैक-टू-बैक पांच आईसीसी खिताब अपने नाम किए हैं। इस पर पूर्व भारतीय कप्‍तान रोहित शर्मा को उम्मीद है कि यह भारतीय टीमों के वैश्विक दबदबे के एक दौर की शुरुआत है। 

Rohit Sharma: भारत ने बैक-टू-बैक पांच आईसीसी खिताब जीते हैं, जिसमें महिला विश्व कप, पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी, पुरुष टी20 विश्व कप, पुरुष अंडर-19 विश्व कप और महिला अंडर-19 विश्व कप शामिल हैं। पूर्व भारतीय कप्‍तान रोहित शर्मा को उम्मीद है कि यह भारतीय टीमों के वैश्विक दबदबे के एक दौर की शुरुआत है। उन्‍होंने कहा कि पिछले कुछ सालों से हम जो देख रहे हैं, उसे देखकर मैं बहुत खुश और बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं। शानदार प्रदर्शन करना और जो हमने हासिल किया है, उसे पाना न सिर्फ पुरुष टीम, बल्कि महिला टीम की भी मुंबई में विश्व कप जीत देखना बहुत शानदार रहा।

‘यहां से पीछे मुड़कर नहीं देखना’

रोहित ने कहा कि हाल ही में पुरुष टीम ने जो किया, वह जबरदस्त था। मुझे उम्मीद है कि यह बस शुरुआत है, यहां से पीछे मुड़कर नहीं देखना है, क्योंकि अब आपको वह मोमेंटम मिल गया है। हम अक्सर मोमेंटम की बात करते हैं और अब पुरुष और महिला दोनों टीमों के पास वह मोमेंटम है। मेरी बस यही उम्मीद है कि हम इस मोमेंटम को आगे भी बनाए रखें।

‘अंडर-14 से ही आपको किस्मतवाला होना पड़ता है’

महिलाओं की टी20 मुंबई लीग के लॉन्च पर पहुंचे रोहित शर्मा ने एक क्रिकेटर के सफर में किस्मत की भूमिका के बारे में भी बात की और बताया कि सही समय पर लोगों की नजर में आना, टैलेंट और कड़ी मेहनत जितना ही जरूरी हो सकता है। उन्‍होंने कहा कि अंडर-14 से ही आपको किस्मतवाला होना पड़ता है। बेशक, सफलता पाने के लिए आपको टैलेंट की जरूरत होती है, लेकिन आपको सही समय पर सही जगह पर होने के लिए भी किस्मतवाला होना पड़ता है।

कभी-कभी आप कितने भी टैलेंटेड क्यों न हों, अगर लोग आपको नहीं देख रहे हैं तो आप थोड़े बदकिस्मत हो सकते हैं। लेकिन, कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है और यह सिर्फ मुंबई के खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए सच है।

टी20 मुंबई से आईपीएल और राष्ट्रीय टीम तक पहुंच खिलाड़ी

रोहित ने आगे कहा कि वे सफलता पाने के लिए इस कड़ी मेहनत से गुजर रहे हैं। लेकिन, जिस तरह से मुंबई क्रिकेट आगे बढ़ रहा है और टी20 मुंबई ने जो किया है, उससे मैं बहुत खुश हूं। हमने कई युवा क्रिकेटरों को देखा है, जिन्होंने इस टी20 मुंबई में खेला और फिर आईपीएल और राष्ट्रीय टीम में भी जगह बनाई है। इसलिए यह एक बहुत बड़ा मंच है। मुझे पूरा यकीन है कि जो खिलाड़ी इसमें खेलने वाले हैं, वे समझेंगे कि यह फ़ॉर्मेट कितना शानदार है।

31 मई से होगी टी20 मुंबई लीग की शुरुआत

बता दें कि पुरुषों के लिए आठ टीमों वाला टी20 मुंबई लीग का चौथा सीजन और महिलाओं की प्रतियोगिता का तीन टीमों वाला पहला सीजन इंडियन प्रीमियर लीग के समापन के बाद 31 मई से शुरू होगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *