लुधियाना के ललतों कलां इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। खेड़ी रोड पर एक तेज़ रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।घटना 13 मार्च की है। मृतक हरजीत सिंह के पिता हरपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अपने काम से घर आ रहा था। जब वह खेड़ी रोड पर सिद्धू सीमेंट स्टोर के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक टाटा टिप्पर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक चालक ईश्वर सिंह वाहन को बेहद लापरवाही से चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरजीत सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक मौके पर रुकने के बजाय टिप्पर समेत फरार हो गया। अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम लहूलुहान हालत में हरजीत को तुरंत गुरबचन मेमोरियल अस्पताल (CMC रूरल ब्रांच) ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हरजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हरजीत पेशे से बढ़ई (लकड़ी का काम करने वाला) था और पूरे घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। पिता हरपाल सिंह ने रोते हुए बताया कि उनके बड़े बेटे की ढाई महीने पहले ही हार्ट अटैक से मौत हुई थी। अभी उस गम से उभरे भी नहीं थे कि अब छोटा बेटा भी चला गया। हरजीत अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और एक ढाई साल की मासूम बेटी छोड़ गया है। सबसे ज्यादा दर्दनाक पहलू यह है कि घर में जल्द ही एक और बच्चा जन्म लेने वाला था। मेरा बड़ा बेटा पहले ही चला गया अब हरजीत भी नहीं रहा। मैं अब बिल्कुल अकेला रह गया हूं। इस बुढ़ापे में इन मासूमों को और इस घर को कौन संभालेगा पुलिस की कार्रवाई: आरोपी चालक की तलाश में छापेमारी हादसे के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक ईश्वर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281: लापरवाही से वाहन चलाना,धारा 106: लापरवाही के कारण किसी की जान लेना,धारा 324(4): अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टिप्पर को जल्द ही कब्जे में ले लिया जाएगा और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


