How To Reduce Body Heat: देश के लगभग सभी राज्यों में सर्दियां खत्म हो चुकी हैं और गर्मियों ने दस्तक दे दी है, जिसके चलते कुछ लोगों का अभी से बुरा हाल हो गया है। दरअसल, तेज धूप और गर्म हवाओं से तो लगभग अभी सभी लोग परेशान हैं, लेकिन जिन लोगों के शरीर में गर्मी ज्यादा होती है, उन्हें इससे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अभी तो गर्मियों की शुरुआत है और आने वाले दिनों में यह समस्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है। इसलिए इस समस्या को ध्यान में रखते हुए, आज के इस लेख में हम शरीर की गर्मी को कम कैसे किया जा सकता है, इसके बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं वे कौन-कौन से तरीके हैं जिनसे शरीर के अंदर बढ़ी हुई गर्मी (Body Heat) को कम किया जा सकता है।
चंदन का लेप (Sandalwood Paste)
यह बात तो ज्यादातर लोग जानते हैं कि चंदन अपनी नेचुरल कूलिंग प्रॉपर्टीज (ठंडे गुणों) के लिए जाना जाता है। ऐसे में अगर आपको बहुत गर्मी महसूस होती है, तो चंदन पाउडर और गुलाब जल का पेस्ट बनाकर अपने फोरहेड यानी माथे पर लगाएं। चंदन अपने प्राकृतिक ठंडे स्वभाव की वजह से नर्वस सिस्टम को तुरंत शांत और ठंडा करता है।
ठंडे पानी में पैर डुबोएं (Hydrotherapy)
शरीर की गर्मी को कम करने का सबसे आसान तरीका हाइड्रोथेरेपी होता है। इसके लिए आप एक बाल्टी को आधा पानी से भरें, उसमें कुछ बर्फ के टुकड़े और थोड़ा सा गुलाब जल डाल दें। अब अपने पैरों को 10-15 मिनट के लिए इसमें डुबोकर रखें। ऐसा रोजाना करने से आपको गर्मी में काफी आराम मिलेगा। दरअसल, हमारे पैरों की नसें पूरी बॉडी से जुड़ी होती हैं, जिससे यह तरीका न सिर्फ ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है बल्कि दिमाग को भी शांत करता है। इसके अलावा, गर्मियों में रात को सोने से पहले इसे करने से नींद अच्छी आती है।
चावल का पानी (Rice Water)
आयुर्वेद में चावल के पानी को शरीर की गर्मी शांत करने के लिए रामबाण माना गया है। ऐसे में अगर आप गर्मियों के आते ही शरीर की गर्मी से परेशान हो जाते हैं, तो इसका सेवन आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। इसे बनाने के लिए आप लगभग 10 ग्राम बिना पॉलिश वाले चावल लें और उन्हें हल्का सा दरदरा पीस लें। अब एक मिट्टी के बर्तन में इन चावलों को करीब 60-70 ml पानी के साथ भिगोकर 4 से 6 घंटे के लिए छोड़ दें। बाद में इस पानी को छानकर पी लें। ध्यान रखें कि इसे फ्रिज में न रखें और न ही इसमें बर्फ डालें। दिन में दो बार खाने से आधा घंटा पहले इसे पीना अच्छा माना जाता है।
खान-पान और लाइफस्टाइल में सुधार (Diet and Lifestyle)
शरीर की गर्मी को कम करने के लिए सबसे जरूरी यह है कि आप क्या खा रहे हैं। अगर शरीर में गर्मी ज्यादा है, तो बहुत ज्यादा मिर्च-मसालेदार, खट्टी और तली-भुनी चीजों से परहेज करें। साथ ही, फ्रिज के बर्फीले पानी की जगह घड़े का पानी पीना शुरू करें। इसके अलावा, अपनी डाइट में तरबूज, खीरा, लौकी और नारियल पानी जैसी ऐसी चीजें शामिल करें जिनमें पानी की मात्रा ज्यादा हो।
शीतली प्राणायाम (Sheetali Pranayama)
यह तो ज्यादातर लोग मानते हैं कि योग करना शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है। ऐसे में अगर आप शरीर की बढ़ती गर्मी को कम करना चाहते हैं, तो आपको शीतली प्राणायाम करना चाहिए। यह एक ऐसी योगिक तकनीक है जिससे आप अपनी बॉडी को ठंडा कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी पर आधारित है। अगर आप किसी बीमारी से परेशान हैं या आप ऐसी दवा ले रहे हैं जिससे आपके शरीर में ज्यादा गर्मी हो रही है, तो यहां बताए गए उपायों को फॉलो करने से पहले एक बार डॉक्टर की राय जरूर ले लें।


