खड्डा दियारा क्षेत्र में बनेगी 5 नई सड़कें:आजादी के बाद पहली बार निर्माण को मिली स्वीकृति, दूर होगी आवागमन की समस्या

खड्डा विधानसभा क्षेत्र के दियारा (रेता) क्षेत्र के गांवों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय के अथक प्रयासों के बाद आज़ादी के बाद पहली बार लोक निर्माण विभाग द्वारा दियारा क्षेत्र में पाँच सड़कों के निर्माण के लिए धन अवमुक्त किया गया है। वर्षों से सड़क सुविधा के अभाव में यहां के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। बरसात और बाढ़ से गांवों का संपर्क कट जाता था दियारा क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी कठिन माना जाता है। बरसात और बाढ़ के समय यहां के गांवों का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से लगभग कट जाता है। सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और खेती-बाड़ी से जुड़े कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी बड़ी परेशानी होती थी। ऐसे में पाँच सड़कों के निर्माण के लिए धन स्वीकृत होना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सड़कों के बनने से आवागमन में बड़ी राहत रेता क्षेत्र के लिए ये सड़क निर्माण नहीं बल्कि दियारा क्षेत्र के विकास, सुविधा और बेहतर भविष्य की शुरुआत है। इन सड़कों के बनने से गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने चुनाव जीतने से पहले ही रेता क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया था और क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने का संकल्प लिया था। अब सड़क निर्माण के लिए धन स्वीकृत होने से यह उम्मीद जगी है कि विधायक अपने वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। कच्ची सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल था गांव के निवासी निज़ामुद्दीन का कहना है कि आज तक गांव में ठीक से चलने लायक सड़क का निर्माण नहीं हुआ था। बरसात के समय गांव से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता था। उन्होंने कहा कि अब विधायक विवेकानन्द पाण्डेय के प्रयास से सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, जिससे गांव के लोगों को काफी राहत मिलेगी। रेता क्षेत्र के राकेश गुप्ता ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक गांव में आने-जाने के लिए कोई पक्की सड़क की व्यवस्था नहीं थी। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते थे और कच्ची सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। कई बार दुर्घटनाएं भी हो जाती थीं। निर्माण के लिए मिली मंजूरी उन्होंने कहा कि यदि सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू हो जाता है तो यह रेता क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि आजादी के बाद कई विधायक हुए, लेकिन किसी ने भी रेता क्षेत्र की पीड़ा को गंभीरता से नहीं समझा। इस बार विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी और अब सड़क निर्माण के लिए धन भी स्वीकृत हो गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक होगी पहुंच इसी तरह रेता क्षेत्र के निवासी कोमल यादव ने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी। बाढ़ के समय भी लोगों को कम परेशानी होगी और बरसात में आवागमन सुगम हो जाएगा। उन्होंने सड़क निर्माण की पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि ये सड़कें समय से बन जाती हैं तो दियारा क्षेत्र के कई गांवों की तस्वीर बदल सकती है और दशकों से चली आ रही बुनियादी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *