पुलिसकर्मियों ने भाजपा नेता के भाई को पीटा…VIDEO:दुर्ग में सिपाही ने बंदूक के बट से मारा, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष बोले-ये पुलिस की गुंडागर्दी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिसकर्मियों पर बीजेपी नेता और साहू समाज के प्रदेश स्तरीय नेता के भाई के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। पीड़ित का नाम नागेश साहू है, जो कि राजनांदगांव में ढाबा चलाते हैं। नागेश, भाजपा किसान मोर्चा राजनांदगांव के जिला उपाध्यक्ष आनंद साहू के छोटे भाई हैं। शुक्रवार को वह काम के सिलसिले में भिलाई आए थे। पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास वह अपने कुछ साथियों के साथ खड़े थे। इस दौरान छावनी थाने में पदस्थ दो सिपाही लोगों को भगाते हुए नजर आए। बताया जा रहा है कि इनकी ड्यूटी पावर हाउस सराफा बाजार में लगी थी, लेकिन वे पावर हाउस रेलवे स्टेशन पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों को हटाने लगे। वीडियो में सिपाही लव पांडेय और राकेश चौधरी लोगों को खदेड़ते नजर आए। इस दौरान मौके पर मौजूद नागेश साहू को सिपाही राकेश चौधरी ने बंदूक उल्टा कर मारना दिया। इस मामले में बीजेपी नेता आनंद साहू का कहना है कि पुलिस की यह हरकत गुंडागर्दी जैसी है। परिवार में इस घटना को लेकर चर्चा हुई है। जल्द ही पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की जाएगी। देखिए पहले ये तस्वीरें- जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, 12 मार्च की रात पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर बीजेपी नेता और साहू समाज के प्रदेश पदाधिकारी आनंद साहू के छोटे भाई नागेश साहू अपने व्यापार के सिलसिले में भिलाई पहुंचे हुए थे। यहां वे पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास कुछ साथियों के साथ खड़े थे। इसी दौरान दो पुलिस सिपाही लव पांडेय और राकेश चौधरी वहां पहुंचे और लोगों को खदेड़कर भगाने लगे। वहां मौजूद अधिकांश लोग भागने लगे, लेकिन नागेश साहू और उनके साथी वहीं खड़े रहे। इस पर सिपाही राकेश चौधरी ने बंदूक उल्टी कर उसके बट से नागेश साहू को मारना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्हें वहां से भगा दिया गया। भाजपा नेता बोले- एडवांस लेने गया था भाई आनंद साहू भाजपा किसान मोर्चा राजनांदगांव के जिला उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ की प्रदेश बॉडी में कार्यसमिति सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव में उनका ढाबा है और उनका छोटा भाई नागेश साहू भी ढाबे का संचालन करता है। उन्होंने कहा कि भिलाई में उनका एक पूर्व कर्मचारी है, जो पहले उनके यहां काम करता था, लेकिन कुछ दिन पहले उसने काम छोड़ दिया था। उससे कुछ एडवांस का पैसा लेना बाकी था। उसी सिलसिले में उनका भाई नागेश साहू भिलाई गया हुआ था। आनंद साहू के अनुसार, वह पूर्व कर्मचारी पावर हाउस इलाके में काम करता है, इसलिए नागेश उससे पेमेंट लेने के लिए वहां गया था। इसी दौरान पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और वहां खड़े लोगों को भगाने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी शायद नशे में थे और उनके शर्ट के बटन भी खुले हुए थे, जैसा उनके भाई ने बताया। उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर बाकी लोग वहां से भाग गए, लेकिन नागेश और उसके साथ मौजूद लोग नहीं भागे। इसी बात पर पुलिसकर्मियों ने मारपीट शुरू कर दी। आनंद साहू का कहना है कि पुलिसकर्मी शायद यह समझ रहे थे कि सभी लोग उन्हें देखकर भाग रहे हैं, इसलिए इन्हें भी भागना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उनके भाई ने कोई गुनाह नहीं किया था, इसलिए वह क्यों भागता। उनका कहना है कि पुलिस आम लोगों की सुरक्षा के लिए होती है। पुलिस कर रही गुंडागर्दी, सरकार की छवि खराब करने की कोशिश बीजेपी नेता आनंद साहू ने कहा कि पुलिसकर्मियों की यह गुंडागर्दी वाली मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने इसे गुंडई जैसी हरकत बताया। उनका कहना है कि वायरल वीडियो में पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है। आनंद साहू ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं सरकार को बदनाम करने की कोशिश हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे व्यवहार से सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए होती है। उन्होंने कहा कि परिवार में इस घटना को लेकर चर्चा हुई है और इस मामले को दुर्ग पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में लाएंगे। प्रदेश में बीजेपी की सरकार है और जिस तरह से कुछ लोग सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, वह ठीक नहीं है। इस संबंध में वे जल्द ही पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर चर्चा करेंगे। सराफा बाजार में लगी थी ड्यूटी, पावर हाउस पहुंच गए सिपाही बताया जा रहा है कि वीडियो में पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास लोगों को भगाते दिख रहे दोनों सिपाहियों की उस रात ड्यूटी पावर हाउस स्थित सराफा बाजार में लगाई गई थी। इसके बावजूद वे रेलवे स्टेशन पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों को भगाने लगे। बता दें कि पुलिस ड्यूटी के नियमों के मुताबिक जिस सिपाही की ड्यूटी जिस प्वाइंट पर लगाई जाती है, उसे वहीं तैनात रहना होता है। यदि किसी अन्य क्षेत्र में कोई स्थिति बनती है तो संबंधित क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी को इसकी सूचना दी जाती है। फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ……………………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… भाजपा नेता ने पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की…VIDEO: TI को धमकाया, कॉन्स्टेबल की पकड़ी कॉलर, नशे में चला रहा था गाड़ी, खुद को बताया मंडल अध्यक्ष राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान हंगामा करने वाले भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि भाजपा नेता ने नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *