Richest women in the World 2026: दुनिया में अमीर महिलाओं की संख्या में लगातार बढ़ रही है। फोर्ब्स की साल 2026 की अरबपतियों लिस्ट के अनुसार, दुनिया के कुल 3,428 अरबपतियों में 481 महिलाएं शामिल हैं, जो करीब 14% हैं। पिछले साल यह संख्या 406 यानी 13.4 % थी। इस साल भी अमेरिका की एलिस वॉल्टन करीब 134 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया की सबसे अमीर महिला हैं। वहीं, भारत की सावित्री जिंदल करीब 39.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस सूची में 7वें स्थान पर हैं:
विश्व की 10 सबसे अमीर महिलाएं
1. एलिस वॉल्टन (अमरीका)- नेट वर्थ: 11.1 लाख करोड़
एलिस वॉल्टन रिटेल कंपनी वॉलमार्ट के संस्थापक सैम वॉल्टन की बेटी हैं। कंपनी के शेयरों में तेजी से उनकी संपत्ति में पिछले साल करीब 33 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। वह अमेरिका में कई आर्ट प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देती हैं।
2. फ्रैंकोइस बेटेनकोर्ट मेयर्स (फ्रांस) – नेट वर्थ: 8.3 लाख करोड़
फ्रैंकोइस दुनिया की सबसे बड़ी कॉस्मेटिक्स कंपनी लॉरियल के संस्थापक की पोती हैं। वे कई वर्षों तक कंपनी के बोर्ड और वाइस-चेयर पद पर रहीं। उनकी संपत्ति का मुख्य स्रोत कंपनी में परिवार की बड़ी हिस्सेदारी है।
3. जूलिया कोच (अमरीका)- नेट वर्थ: 6.7 लाख करोड़
जूलिया को संपत्ति उनके पति उद्योगपति डेविड कोच की मृत्यु के बाद मिली। कोच इंक अमेरिका की सबसे बड़ी निजी कंपनियों में से एक है जिसका कारोबार ऊर्जा, केमिकल्स और मैन्युफैक्चरिंग में फैला हुआ है। जूलिया और उनके बच्चों के पास कंपनी का लगभग 42% हिस्सा है।
4. आइरिस फॉन्टबोना (चिली)- नेट वर्थ: 4.3 लाख करोड़
आइरिस चिली की सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनके पति के निधन के बाद उन्हें माइनिंग बिजनेस विरासत में मिला। एंटोफगास्ता दुनिया की बड़ी कॉपर माइनिंग कंपनियों में से एक है। तांबे की कीमत बढ़ने से उनकी संपत्ति में 24.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ।
5. जैकलीन मार्स (अमरीका)- नेट वर्थ: 4.1 लाख करोड़
जैकलीन मशहूर मार्स परिवार की तीसरी पीढ़ी की सदस्य हैं। मार्स इंक दुनिया की सबसे बड़ी मिठाई और स्नैक कंपनियों में से एक है। उन्होंने दो दशक तक कंपनी में काम किया और 2016 तक बोर्ड में रहीं। कंपनी का कारोबार अब पेट फूड और हेल्थ केयर तक है।
6. राफेला अपोंटे-डायमंट (स्विट्जरलैंड)- नेट वर्थ: 3.7 लाख करोड़
राफेला ने अपने पति के साथ मिलकर मेडिटेरियन शिपिंग कंपनी बनाई। शुरुआत में एक छोटे से लोन से पहला जहाज खरीदा था। आज यह दुनिया की सबसे बड़ी शिपिंग कंपनियों में से एक है। कंपनी क्रूज, लॉजिस्टिक्स और पोर्ट ऑपरेशन जैसे क्षेत्रों में भी काम करती है।
7. सावित्री जिंदल (भारत): नेट वर्थ: 3.2 लाख करोड़
सावित्री जिंदल भारत की सबसे अमीर महिला हैं। जिंदल ग्रुप उनके पति ओपी जिंदल ने बनाया था। परिवार ने इस बड़े औद्योगिक समूह को संभाला। कंपनी का कारोबार स्टील, पावर, सीमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है।
8. मिरियम एडेलसन (अमरीका): नेट वर्थ: 3.1 लाख करोड़
मिरियलम प्रसिद्ध कैसीनो कारोबारी शेल्डोन एडेलसन की पत्नी हैं। उनके निधन के बाद उन्हें लास वेगास सैंड्स में बड़ी हिस्सेदारी मिली। कंपनी दुनिया के बड़े कैसीनो और रिसॉर्ट्स चलाती है। वह अमरीकी राजनीति में भी प्रभावशाली डोनर में से एक मानी जाती हैं।
9. एबिगेल जॉनसन (अमेरिका): नेट वर्थ: 2.8 लाख करोड़
वह दुनिया की सबसे बड़ी निवेश कंपनियों में से एक फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स की सीईओ और चेयरमैन हैं। यह कंपनी उनके दादा ने शुरू की थी। उनके नेतृत्व में कंपनी ने डिजिटल निवेश और क्रिप्टो सेवाओं में भी विस्तार किया।
10. झेंग शुलियांग (चीन): नेट वर्थ: 2.8 लाख करोड़
झेंग चीन की प्रमुख उद्योगपतियों में से एक हैं। उनके पति झांग शिपिंग ने चाइना हॉन्गकिआयो ग्रुप बनाया था। यह दुनिया की सबसे बड़ी एल्युमिनियम उत्पादक कंपनियों में शामिल है। आज कंपनी का संचालन उनके बेटे कर रहे हैं। इसका कारोबार वैश्विक स्तर पर फैला है।


