India Supports Afghanistan: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। हाल ही में पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के भीतर किए गए हवाई हमलों ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। इन हमलों में कई निर्दोष नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई घर और नागरिक घायल भी हुए। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
इसी बीच भारत ने इस मुद्दे पर खुलकर अपना रुख स्पष्ट किया है। भारत ने अफगानिस्तान के भीतर हुए इन हवाई हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे संप्रभुता के खिलाफ आक्रामक कदम बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे हमले न केवल निर्दोष लोगों की जान लेते हैं, बल्कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। भारत ने दोहराया कि वह हमेशा अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और वहां के लोगों की सुरक्षा के पक्ष में खड़ा है।
भारत ने की कड़ी निंदा
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान दोनों देशों के बीच जारी तनाव को लेकर कहा, “भारत अफगानिस्तान के इलाके में पाकिस्तान के एयर स्ट्राइक की निंदा करता है, जिसमें कई आम लोगों की मौत हो गई और सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह हो गया। यह पाकिस्तानी सरकार का एक और हमला है, जो एक आजाद अफगानिस्तान के विचार का दुश्मन बना हुआ है। भारत फिर से कहता है कि अफगानिस्तान की आजादी और इलाके की एकता का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।”
कंधार में तेल डिपो को बनाया निशाना
अफगान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों में काबुल में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
अफगान अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान ने सिर्फ काबुल ही नहीं, बल्कि कंधार, पक्तिका, खोस्त और नंगरहार प्रांतों में भी गुरुवार रात और शुक्रवार को हवाई हमले किए। खबरों के मुताबिक कंधार में एक तेल डिपो को भी निशाना बनाया गया। इन हमलों के बाद अफगानिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई की है। अफगानिस्तान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि उसकी वायुसेना ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर हमला किया।
काबुल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कोहाट में मौजूद एक सैन्य किले और डूरंड लाइन के पास बने युद्ध कमांड सेंटर को निशाना बनाया गया। अफगान रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि यह कार्रवाई पाकिस्तान के हमलों के जवाब में की गई।


