मेरठ: आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग का आज (रविवार) शाम शुभारंभ होगा। आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर शाम पांच बजे उद्घाटन समारोह शुरू होगा, जिसका उद्घाटन क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार करेंगे। लीग के चेयरमैन डॉ. मयंक अग्रवाल ने बताया कि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी का मैदान पूरी तरह तैयार है। बीसीसीआई और यूपीसीए के अनुभवी अधिकारियों ने पिच, मैदान और फ्लड लाइट का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया है। लीग के मैचों का सीधा प्रसारण स्काई स्पोर्ट्स सहित कई प्लेटफार्म पर किया जाएगा।
स्विंग के बादशाह कहे जाने वाले भुवनेश्वर कुमार लीग का शुभारंभ करेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर और आईपीएल में नाम कमा चुके कई खिलाड़ी इस लीग में अपना जलवा दिखाएंगे, जिससे दर्शकों में काफी उत्साह है। मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर संजय रस्तोगी ने बताया कि प्रत्येक मैच में खिलाड़ियों को पांच पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें मैन ऑफ द मैच (भगत ज्वैलर्स), मैक्सिमम सिक्सर (डीएंडएस स्पोर्ट्स), बेस्ट फील्डर (ग्रैंड रिसाला रिसोर्ट), इकोनॉमिकल बॉलर (लुहान स्पोर्ट्स) और बेस्ट स्ट्राइकर (रिषभ एकेडमी) शामिल हैं। लीग के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ को लेमफोर्ड बायोटेक की ओर से बजाज चेतक ईवी स्कूटर दिया जाएगा। लीग सचिव सुरेंद्र चौहान ने जानकारी दी कि बीसीसीआई के अनुराग राठौर, यूपीसीए ग्रेड-ए अंपायर सतीश पांडे, आयुष वत्स और देवेश शर्मा, अनुभवी स्कोरर प्रणब दास, यूपीसीए अंपायर पलक शर्मा और ऑनलाइन स्कोरर अनिरुद्ध प्रताप सिंह की निगरानी में मैचों का आयोजन होगा। आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग का उद्घाटन मैच शुभम स्मैशर्स और क्रिक गिरी चैंप्स के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमों में बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं, जो मैच का रुख बदलने में सक्षम हैं। शुभम स्मैशर्स की कप्तानी प्रियम गर्ग करेंगे।


