डबल मर्डर से हिली सरकार… बदायूं में ताबड़तोड़ कार्रवाई, एसएसपी हटे, सीओ अटैच, इंस्पेक्टर निलंबित

डबल मर्डर से हिली सरकार… बदायूं में ताबड़तोड़ कार्रवाई, एसएसपी हटे, सीओ अटैच, इंस्पेक्टर निलंबित

बदायूं। सैजनी स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या की सनसनीखेज घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में पहले एसएसपी पर कार्रवाई के बाद अब सीओ बदायूं पर भी गाज गिर गई है। सीओ देवेंद्र कुमार को डीजीपी मुख्यालय लखनऊ अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह यूपी-112 लखनऊ में तैनात राहुल पाण्डेय को बदायूं का नया सीओ बनाया गया है। इसके साथ ही दातागंज इंस्पेक्टर को भी निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बरेली मंडलायुक्त की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है।

एसएसपी के बाद सीओ पर कार्रवाई

बदायूं डबल मर्डर केस में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने के बाद शासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले एसएसपी बृजेश कुमार सिंह को हटाया गया और शुक्रवार रात अंकिता शर्मा को बदायूं की नई एसएसपी की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद अब सीओ देवेंद्र कुमार को भी डीजीपी मुख्यालय लखनऊ अटैच कर दिया गया है। शासन ने उनकी जगह यूपी-112 लखनऊ में तैनात राहुल पाण्डेय को बदायूं का नया सीओ बनाकर भेजा है।

दातागंज इंस्पेक्टर भी सस्पेंड, खोली गई चौकी

सीबीजी प्लांट में हुई इस दोहरे हत्याकांड की घटना के बाद दातागंज थाने के इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई की गई है। शासन के निर्देश पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर पूरे मामले की जवाबदेही तय की जा रही है। सीएम योगी ने सैजनी स्थित सीबीजी प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत प्लांट परिसर के पास पुलिस चौकी स्थापित की जा रही है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जा सके।

SIT करेगी पूरे मामले की जांच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बरेली मंडलायुक्त की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह एसआईटी पूरे घटनाक्रम की गहन और निष्पक्ष जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में शामिल मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि यदि जांच में किसी बड़ी साजिश या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो प्रदेश सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *