बुलंदशहर में देसी शराब का ठेका बंद कराने पहुंची महिलाओं से एक पुलिसकर्मी द्वारा दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामला अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के मुमरेजपुर गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी महिलाओं से यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि शराब की दुकान सरकार का प्रोजेक्ट है और इसे बंद नहीं कराया जा सकता। साथ ही उसने महिलाओं को अपने पतियों को शराब पीने से रोकने और उनके ‘हाथ-पैर तोड़ने’ तक की सलाह दी। दरअसल, गांव की महिलाएं देसी शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। उनका कहना है कि शराब के ठेके के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब पीकर गांव के लोग बहन-बेटियों के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। कई बार नशे में धुत पति अपनी पत्नियों के साथ मारपीट भी करते हैं, जिससे परिवारों में तनाव का माहौल बना रहता है। ग्रामीण महिलाओं का हंगामा बढ़ता देख अहमदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी डायल 112 का है। इस मामले में सीओ शिकारपुर शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


