poverty free village scheme: जयपुर. राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और बीस सूत्री कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते जयपुर जिला प्रदेश में अग्रणी बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जिले में विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी इन योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जिससे बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं।
मुख्य आयोजना अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत ने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के अंतर्गत क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल श्रेणी में जयपुर जिले ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत प्राइमरी कलेक्शन ऑफ सॉलिड वेस्ट और जीवीपी रिमूवल में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा है।
इसी तरह पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना में भी जयपुर जिले ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास तथा ऊर्जा विभाग ने आवंटित लक्ष्यों को पूरी तरह हासिल कर लिया है। वहीं ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट में जिले ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इसके अतिरिक्त सीटी, पीटी और पिंक टॉयलेट जैसी श्रेणियों में भी जयपुर जिला राज्य के शीर्ष तीन जिलों में शामिल रहा है। बैंक सखी, कृषि सखी और पशु सखी कार्यक्रमों में भी जिले ने निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल किया है।
जिला कलेक्टर डॉ. सोनी ने अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षित नहीं है, उनमें कार्ययोजना बनाकर तेजी से सुधार किया जाए। साथ ही पंच गौरव योजना के तहत ‘एक जिला एक खेल’ में कबड्डी को बढ़ावा देने और ‘एक जिला एक उपज’ के तहत किसानों में जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई।


