जिला अस्पताल का लैब बना मैखाना, जमकर छलकी शराब, वीडियो वायरल

जिला अस्पताल का लैब बना मैखाना, जमकर छलकी शराब, वीडियो वायरल

वाराणसी: पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय जिला चिकित्सालय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बताया जा रहा है कि अस्पताल के लैब में बैठकर कर्मचारी शराब पी रहे हैं। इसके साथ ही नॉनवेज का भी आनंद लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस लैब में ब्लड सैंपलिंग की रिपोर्ट तैयार की जाती है। घटना संज्ञान में आने के बाद सीएमएस ने मामले में जांच करने की बात की है।

नॉनवेज खाते दिख रहे कर्मचारी

जानकारी के मुताबिक, जिला अस्पताल के लैब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अस्पताल के कुछ कर्मचारी लैब में बैठकर शराब पीते और नॉनवेज खाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान ही लैब टेक्नीशियन और संविदा कर्मचारियों ने अस्पताल को मैखाना बना दिया है। हालांकि, इस वीडियो की पुष्टि पत्रिका की टीम नहीं करती।

दोषियों पर होगी कार्रवाई: सीएमएस

वीडियो वायरल होने के बाद सीएमएस आरएस राम ने कहा है कि मामले की जानकारी मुझे आज ही हुई है। वीडियो के आधार पर जो लोग दिख रहे हैं उनके ऊपर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में एक जांच कमेटी का गठन किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों का विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल की कार्याप्रणाली पर उठे सवाल

वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस शराब पार्टी में नॉनवेज बाहर से मंगाया गया था और कुछ कर्मचारी जो संविदा पर अस्पताल में कार्यरत हैं, उन्होंने इस शराब पार्टी का आयोजन किया था। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *